असम में सियासी संग्राम: अमित शाह ने आदिवासियों के लिए किया बड़ा ऐलान, कांग्रेस बोली- मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही BJP

असम में सियासी संग्राम: अमित शाह ने आदिवासियों के लिए किया बड़ा ऐलान, कांग्रेस बोली- मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही BJP

Assam Elections 2026: असम की 126 विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए 9 अप्रैल को मतदान होगा। आगामी चुनाव को लेकर असम में सियासी सरगर्मियां तेज हैं। चुनाव से पहले सभी राजनीतिक दल वोटर्स को अपने पाले में लाने के लिए बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं। इस चुनावी माहौल में राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। असम विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए शुक्रवार को बीजेपी और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी।

आदिवासियों के लिए अमित शाह ने किया बड़ा ऐलान

गृहमंत्री अमित शाह ने असम के दुधनोई में आयोजित चुनावी रैली में आदिवासी समुदाय के लिए बड़ी घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा- समान नागरिक संहिता (UCC) आदिवासी क्षेत्रों पर लागू नहीं होगी। आदिवासी क्षेत्रों में UCC लागू नहीं होने से यहां रहने वाले समुदायों की परंपराएं सुरक्षित रहेंगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाकर इतिहास रचा, जो कांग्रेस ने कभी नहीं किया। शाह ने चेतावनी दी कि कांग्रेस के मजबूत होने पर असम में अस्थिरता लौट सकती है।

असम के CM हिमंत बिस्वा सरमा का बड़ा दावा

असम के CM और बीजेपी प्रत्याशी हिमंत बिस्वा सरमा ने असम के सिलचर में रोड शो किया। इस दौरान हिमंत बिस्वा सरमा ने बड़ा दावा किया। चुनावी रैली में हिमंत बिस्वा सरमा ने जनता पर भरोसा जताते हुए कहा- सिलचर और उधरबोंड दोनों विधानसभा सीटों पर बीजेपी 50,000 से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य इस बार 90 से100 सीटों का है।

चुनावी रैली में हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी केरल चले गए। राहुल और प्रियंका दोनों एक बार यहां आए थे। वे लोग 2-2 बैठकें करके वापस चले गए। उन्हें भी पता है कि वे हारने वाले हैं। सरमा ने AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी जो भी नारा दें, चुनाव के बाद असल नारा प्रधानमंत्री मोदी और मेरा ही चलेगा। बता दें कि हिमंत बिस्वा सरमा जलुकबारी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

मुंगेरी लाल के हसीन देख रही बीजेपी

हिमंत बिस्वा सरमा ने इस बार के चुनाव में 90 से अधिक सीटें जीतने का दावा किया है। हिमंत बिस्वा सरमा के दावे पर कांगेस ने तीखा पलटवार किया है। 90 से अधिक सीटें जीतने के दावे पर असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने कहा- बीजेपी के नेता मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। असम की जनता भ्रष्ट शासन से छुटकारा चाहती है। असम की जनता ने बीजेपी को नकार दिया है। घुसपैठ के मुद्दे पर गोगोई ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में मोदी सरकार से अधिक घुसपैठियों को डिपोर्ट किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *