सवाई माधोपुर। जिले के मलारना डूंगर कस्बे में शुक्रवार को पुलिस और एक हिस्ट्रीशीटर के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी हंसराज रैगर उर्फ टेम्पू घायल हो गया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे काबू कर लिया, जबकि उसका एक साथी भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गौरतलब है कि हिस्ट्रीशीटर लूट का आरोपी है।
थानाधिकारी राजेश ने बताया कि इन्द्रा कॉलोनी क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर घायल हंसराज रैगर निवासी बाटोदा साथियों के साथ निवाई क्षेत्र में एक अनाज व्यापारी को लूटने की साजिश रच रहे थे। इसी बीच जयपुर के प्रतापनगर थाना की स्पेशल टीम को उसकी लोकेशन मिली और टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि टेम्पू ने लगातार तीन राउंड गोलियां चलाईं।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में मारी गोली
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पहले उसके पैर में गोली मारी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बावजूद उसने भागने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस ने एक और गोली चलाई, जो उसकी पीठ के नीचे लगी। इस कार्रवाई में आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के दो पैर में तथा दो गोली पीठ पर लगी है।
आरोपी का साथी को घेराबंदी कर पकड़ा
मुठभेड़ के दौरान आरोपी का साथी रोहित धोबी निवासी शिवाड़ मौके से भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घायल हंसराज रैगर को पहले मलारना डूंगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
आरोपी के खिलाफ दो दर्जन मुकदमे दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार हंसराज के खिलाफ गंगापुर सिटी और जयपुर के विभिन्न थानों में लूट और मारपीट सहित करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में हुई चांदी और सोने की बड़ी लूट में भी उसका नाम सामने आया था। थाना प्रभारी ने बताया कि मौके पर एफएसएल टीम जांच कर रही है और पूरे मामले की गहनता से पड़ताल जारी है।


