CG Murder Case: पति ने गला घोंटकर की थी नवविवाहिता की हत्या, मां ने साक्ष्य छिपाने की कोशिश, दोनों गिरफ्तार

CG Murder Case: पति ने गला घोंटकर की थी नवविवाहिता की हत्या, मां ने साक्ष्य छिपाने की कोशिश, दोनों गिरफ्तार

CG Murder Case: धमतरी जिले के चौकी करेलीबड़ी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरदी में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए इसे हत्या करार दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतिका के पति और सास को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 मार्च को ग्राम हरदी में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। घटना की परिस्थितियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत गला घोटने से हुई है, जिससे मामला हत्या का साबित हुआ।

संतान को लेकर होता था विवाद

जांच में सामने आया कि मृतिका और उसके पति चंद्रशेखर यादव (26) के बीच संतान को लेकर अक्सर विवाद होता था। घटना के दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी चंद्रशेखर यादव ने गुस्से में आकर रस्सी से पत्नी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त काली रस्सी भी बरामद कर ली गई। इसके बाद 1 अप्रैल को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

मां ने साक्ष्य छिपाने की कोशिश की

मामले की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी की मां रिना बाई यादव (46) ने घटना को छिपाने का प्रयास किया। उसने मृतिका की मौत को सामान्य दर्शाने के लिए सीने में दर्द होना बताया और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238(क) के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस की सख्ती से खुला मामला

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर यह खुलासा संभव हो पाया। टीम ने हर पहलू पर बारीकी से जांच कर सच्चाई सामने लाई। इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोग घरेलू विवादों के बढ़ते गंभीर परिणामों को लेकर चिंतित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *