नशा मुक्त समाज बनाने के उद्देश्य से हांसी पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस ने गांव भाटला में एक विशेष सर्च अभियान चलाया और लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। बता दे कि पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) विनोद कुमार के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। पुलिस चौकी भाटला के इंचार्ज उप निरीक्षक धोलू राम के नेतृत्व में एक टीम ने गांव के विभिन्न स्थानों पर गहन तलाशी ली। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई और स्थानीय लोगों से भी बातचीत की गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना था।
नशे के दूर रहने का दिया संदेश साथ ही, आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे के गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना भी इसका लक्ष्य था। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को नशे से दूर रहने और इसका सेवन न करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज पर भी नकारात्मक असर डालता है। तस्करों की सूचना देने की अपील पुलिस ने लोगों से अपील की कि यदि उन्हें अपने आसपास नशे से संबंधित कोई भी गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। उप निरीक्षक धोलू राम ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने की लोगों से अपील पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने भी आमजन से इस मुहिम में पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया। उनका कहना था कि जन सहयोग से ही समाज को नशा मुक्त और सुरक्षित बनाया जा सकता है।


