लुधियाना के माधोपुरी इलाके की गली नंबर 18 में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक मनी ट्रांसफर कारोबारी को अपना निशाना बनाया। लूट की इस वारदात के दौरान बदमाशों ने फायरिंग की और बीच- बचाव करने आए एक पड़ोसी पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली दुकानदार के हाथ पर लगी। भाग रहे बदमाशों का लोगों ने मुकाबला भी किया। जानकारी के मुताबिक मोहम्मद अंजार आलम अपनी दुकान साहिल टेलीकॉम पर अकेले मौजूद थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे। बदमाशों ने दुकान में दाखिल होते ही लूटपाट शुरू कर दी। जब विरोध किया गया तो लुटेरों ने गोली चला दी जो अंजार आलम के सीधे हाथ पर जा लगी। बदमाश बोले आवाज नहीं करनी जो है निकाल दो-अंजार आलम दुकानदार मोहम्मद अंजार आलम ने कहा मैं दुकान पर था मेरी मोबाइल और मनी ट्रांसफर की दुकान है। बाइक पर दो बदमाश दुकान पर आए। उन्होंने आकर मुझ से कहा-जितने पैसे है निकाल दे। किसी तरह की आवाज निकालने की जरूरत नहीं है। आलम ने कहा कि मैंने फिर भी डर के कारण शोर मचा दिया। एक बदमाश ने मेरे पर गोली चला दी। उसने पैसे मेरी दुकान से उठाए और एक लिफाफे में डाल कर भागने की कोशिश की। तभी आस-पास के कुछ लोग दुकान के बाहर खड़े हो गए। उन बदमाशों ने लोगों को धमकाया और कहा कि आ जाओ तुम्हें भी मैं देख लेता हूं। जैसे ही बदमाश भागने लगे तो मैंने पीछे से बास्कट बाल का डंडा एक बदमाश के सिर पर मार दिया। लुटेरे के हाथ से पैसों वाला लिफाफा सड़क पर गिर गया। बदमाश भी खून से लहूलुहान हो गया। पड़ोसी पर जानलेवा हमला
फायरिंग की आवाज सुनकर पास ही स्थित मनचंदा करियाना स्टोर के मालिक नीकू तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे। लुटेरों ने खुद को घिरता देख नीकू पर तेजधार हथियार से सिर पर वार कर दिया जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। सीसीटीवी में कैद हुई हवाई फायरिंग
वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे मौके से भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भागते समय बदमाशों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए 3-4 राउंड हवाई फायर किए। इलाके में लगे सीसीटीवी में घटना कैद हो गई। गोलीबारी की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि नकाबपोश बदमाशों की पहचान की जा सके। फिलहाल अभी आरोपी फरार है। अंदेशा लगाया जा रहा है कि बदमाशों ने वारदात से पहले इलाके की रैकी की है।


