गुरुवार को नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने वॉटर सप्लाई, सीवरेज डिपार्टमेंट और जलापूर्ति के साथ ही सीएम हेल्पलाइन, इंदौर 311 एप, स्वच्छ सर्वेक्ष, जलसुनवाई, जनसुनवाई आदि को लेकर जोनवार समीक्षा की। निगम कमिश्नर ने गर्मी के मौसम के दौरान शहर में सुचारू पानी की सप्लाई के साथ ही स्वच्छ और शुद्ध पानी मिले। इसके लिए शहर की शासकीय ट्यूबवेल पर किए गए पर किए गए क्लोरिनेशन काम के साथ ही शहर के प्राइवेट ट्यूबवेल व प्राइवेट हाइड्रेंट पर भी क्लोरिनेशन के लिए लोगों को प्रेरित करने के लिए कहा, ताकि लोगों को साफ पानी मिल सके। पीएचई डिपार्टमेंट के 3 एई को शोकाज नोटिस क्लोरिनेशन काम की झोनवार समीक्षा करते हुए पानी की टंकी से लेकर पानी सप्लाई लाइन के अंतिम छोर तक क्लोरिनेशन के सैंपलिंग काम की जानकारी निर्धारित प्रारूप में दर्ज नहीं करने एवं लापरवाही करने पर पीएचई विभाग के 3 एई राहुल रघुवंशी, दौलत सिंह गुड़िया एवं शिव दत्त व्यास को शोकाज नोटिस जारी करने को कहा। निगम कमिश्नर ने शहर में किए जा रहे निर्माण कामों के बाद रेस्टोरेशन कामों के संबंध में भी समीक्षा की। जिसमें जोन क्रमांक 12 वार्ड क्रमांक 59 के अंतर्गत सीवरेज के लिए किए गए काम के बाद रेस्टोरेशन का काम संतोषजनक नहीं मिलने पर और लोगों को हो रही दिक्कतों को देखते हुए संबंधित उपयंत्री की 3 दिन की सैलरी काटने को कहा। साथ ही ग्रीष्मकाल के दौरान निगम के पानी का टैंकर के माध्यम से किए जाने वाली सप्लाई कामों के दौरान लगने वाले टैंकर पर जीपीएस सिस्टम लगाने को कहा, साथ ही संबंधित टैंकर की जीपीएस लॉक बुक की अनिवार्यता के साथ ही टैंकर किराए के भुगतान के निर्देश दिए। अभियान को लक्ष्य बनाकर पूरा करें निगम कमिश्नर ने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा भी की और सभी डिपार्टमेंट के अधिकारीयों को निर्देशित किया कि सीएम द्वारा इस अभियान की इंदौर में शुरुआत की गई है। यह महत्वपूर्ण अभियान है। इसे लक्ष्य बनाकर पूरा करें, संस्थाओं और लोगों को ज्यादा से ज्यादा रूफ वाटर हार्वेस्टिंग, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और रिचार्ज सॉफ्ट के लिए प्रेरित करें। इस काम में लोगों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसमें शामिल होकर इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय रहेंगे। इसके साथ ही शहर के ऐसे इलाके जहां पर पानी भरता है, ऐसे स्थान को चिन्हित करते हुए रिचार्ज सॉफ्ट निर्माण के लिए काम करने के निर्देश दिए गए। विभागीय जांच के दिए निर्देश निगम कमिश्नर ने हर मंगलवार को शहर के सभी वार्ड एवं पानी की टंकी पर होने वाली जलसुनवाई के दौरान मिलने वाली शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा की। इस दौरान 27 फरवरी को जलसुनवाई के दौरान मिली शिकायत का समय सीमा में निराकरण नहीं करने पर वार्ड क्रमांक 9 के उपयंत्री को फटकार लगाते हुए उपयंत्री के खिलाफ विभागीय जांच करने के लिए कहा।


