अहमदाबाद के हनुमान मंदिरों में विविध धार्मिक आयोजन, श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी

अहमदाबाद के हनुमान मंदिरों में विविध धार्मिक आयोजन, श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी

Ahmedabad news: हनुमान जयंती के अवसर पर गुरुवार को अहमदाबाद समेत राज्यभर के हनुमान मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। कहीं हनुमान चालीसा तो कहीं सुंदरकांड के पाठ में भक्त मग्न दिखे। हवन-यज्ञ व भंडारों में दिन भर भीड़ जमा रही।रांचरडा स्थित संकटमोचन महावीर हनुमान मंदिर में राम नवमी और हनुमान जयंती का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिर के संचालक डॉ. प्रवीण गर्ग ने बताया कि राम नाम कीर्तन, महाआरती और हनुमान चालीसा का जप किया। मंदिर में भंडारे का विशेष आयोजन हुआ। भक्तों के बीच खास उत्साह रहा। उनके अनुसार भविष्य में भी सभी प्रमुख पर्वों का आयोजन इसी तरह किया जाएगा।

नागरवेल व कैंप हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता

अमराईवाड़ी-रखियाल रोड स्थित प्राचीन नागरवेल हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती पर दिन भर भक्तों का तांता लगा रहा। यहां सिंदूर, तेल, फूल-हार और प्रसाद अर्पित कर श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। मंदिर में उत्थापन आरती, ध्वजारोहण, सुंदरकांड पाठ, दोपहर में जन्मोत्सव आरती और भजन-कीर्तन के साथ छप्पन भोग अन्नकूट की व्यवस्था की गई। महाप्रसादी और मारुति महायज्ञ का आयोजन भी हुआ। महंत रंगनाथाचार्य महाराज ने प्रवचन में कहा कि हनुमानजी की उपासना से बल, बुद्धि और धैर्य की प्राप्ति होती है और वे संकटनाशक कहलाते हैं। इस मौके पर मंदिर के संत हीरालाल महाराज ने कहा कि मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इसी तरह कैंप हनुमान मंदिर में भी हनुमान जयंती पर विशेष पूजा-अर्चना की गई और हनुमान का जन्म दिवस मनाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। शहर के अन्य भीड़भंजन समेत मंदिरों में भी विशेष आयोजन किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *