शहर के मंडावा रोड स्थित खेल स्टेडियम के पास एक रेस्टोरेंट के एक कर्मचारी फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी भूरा (25) के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से इसी रेस्टोरेंट में काम कर रहा था। मिली जानकारी के अनुसार युवक रोजाना की तरह अपने सामान्य रूटीन में काम कर रहा था। काम के दौरान ब्रेक मिलने पर वह आराम करने के लिए ऊपर बने कमरे में गया था। काफी देर तक वह नहीं लौटा, जब दोपहर के भोजन का समय हो गया, रेस्टोरेंट के साथी स्टाफ ने काफी देर तक भूरा का इंतजार किया, लेकिन जब वह नीचे नहीं आया, तो एक साथी कर्मचारी उसे बुलाने के लिए ऊपर कमरे में गया। दरवाजा खोलने पर साथी के होश उड़ गए। भूरा फंदे से लटका हुआ था। घटना के तुरंत बाद रेस्टोरेंट के साथियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से युवक को तुरंत नीचे उतारकर शहर के बीडीके (BDK) अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को उत्तर प्रदेश में सूचना दे दी है।


