मऊ: घोसी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक चौकाने वाला मामला सामने आया है। आरोपी है कि एक बेटे ने अपने ही पिता की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी है। मामला रेवाड़ीडीह के इंद्रपुर पूरवा गांव का है। कलयुगी बेटे द्वारा की गई इस तरह की हरकत के बाद पूरे इलाके में चर्चा का बाजार भी गर्म है।
पिता से नाराज रहता था आरोपी
जानकारी के मुताबिक, इंद्रपुर पुरवा निवासी बसाऊ (55) की उनके ही बेटे हरिकेश ने लोहे की रॉड से सिर पर कई हमले कर उनकी हत्या कर दी। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। बताया जा रहा है कि हरिकेश अपने पिता से नाराज रहा करता था, जिसके कारण उसने आवेश में आकर यह कदम उठाया है।
मृतक की पत्नी ने पुलिस को दी शिकायत
मृतक की पत्नी और आरोपी की मां चंदा देवी ने हत्या की इस वारदात के बाद पुलिस को लिखित तहरीर दी है और बेटे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। चंदा देवी ने बताया कि उनके बेटे हरिकेश की दिमागी हालत ठीक नहीं है और उसका इलाज गोरखपुर में चल रहा है। उन्होंने बताया कि बेटा कभी-कभी इस तरह की हरकतें करता था, जिससे परिवार के लोग परेशान हो जाते थे और इसी कारण उसके पिता उसे समझाते रहते थे और इसी दौरान बीच-बीच में डांट भी देते थे, जिससे वह नाराज रहा करता था।
सुबह सोते समय पिता पर किया हमला
परिजनों ने बताया कि बुधवार को भी उसके पिता ने किसी बात को लेकर उसे डांट फटकार लगाई थी, जिसके बाद वह नाराज चल रहा था। देर रात वह खाना खाकर सोने गया और गुरुवार की सुबह घर के अंदर से रॉड लेकर आया और बाहर सो रहे अपने पिता के सिर पर रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान बसाऊ के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी घर के बाहर आए तो उन्होंने हरिकेश को पिता को पीटते देखा। इसके बाद परिजनों को देखकर हरिकेश मौके से फरार हो गया। इस दौरान बसाऊ की भी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया।
मुकदमा हुआ दर्ज
पुलिस के मुताबिक, जिस समय बसाऊ पर हमला हुआ था उस समय वह काफी गहरी नींद में थे। शायद यही वजह है कि उन्हें संभालने का मौका नहीं मिला। फिलहाल, पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर आरोपी बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।


