एमसीबी जिले के मनेन्द्रगढ़ में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर भक्ति और आस्था का माहौल रहा। सुबह से ही विभिन्न हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान हनुमान से सुख-समृद्धि की कामना की। इस पावन अवसर पर कई स्थानों पर अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु पूरे दिन भक्ति में लीन रहे। शहर में एक भव्य कलश यात्रा भी निकाली गई। इसमें महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं, जो शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी और धार्मिक माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। जय श्री राम के नारे गूंजे हनुमान जन्मोत्सव के चलते पूरे शहर में ‘जय श्रीराम’ और ‘बजरंगबली’ के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। आयोजकों ने बताया कि देर शाम एक भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बाहर से आए कलाकार भक्ति गीत प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही भंडारा प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई है। मनेन्द्रगढ़ में हनुमान जन्मोत्सव को लेकर पूरे दिन उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना रहा, जिसमें श्रद्धालुओं ने विभिन्न आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।


