आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को पत्र लिखकर राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ “सुनियोजित कार्रवाई” किये जाने का आरोप लगाया। उन्होंने इस मुद्दे पर चर्चा के लिए पटेल के साथ बैठक का अनुरोध किया।
केजरीवाल ने पत्र में गुजरात में पिछले तीन महीनों में दर्ज 145 प्राथमिकी और 160 से अधिक गिरफ्तारियों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली राज्य सरकार आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है।
उन्होंने लिखा, “लोगों को ‘आप’ के रूप में पहली बार एक मजबूत और भरोसेमंद विकल्प मिला है। लोग जानते हैं कि आम आदमी पार्टी पढ़े-लिखे, बेखौफ, ईमानदार और देशभक्त व्यक्तियों की पार्टी है, जो भाजपा से कभी समझौता नहीं करेगी।”
केजरीवाल ने कहा, “यही कारण है कि हाल के वर्षों में गुजरात में ‘आप’ की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है और अब बड़े पैमाने पर चर्चा है कि राज्य में भाजपा सत्ता से बाहर होने वाली है और आम आदमी पार्टी की सरकार बनने वाली है।”
उन्होंने भाजपा पर ‘आप’ के ज्यादातर नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करके पार्टी को कमजोर करने तथा उसका “अस्तित्व मिटाने” की साजिश रचने का आरोप लगाया।
‘आप’ प्रमुख ने कहा, “इस साजिश के तहत भाजपा सरकार के आदेश पर अकेले पिछले तीन महीनों में गुजरात में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ 145 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और 160 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है।”
उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में राज्य में ‘आप’ के 10,000 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने की योजना है।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी ‘आप’ नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों का दौरा कर रहे हैं तथा उन्हें गुजरात न छोड़ने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं।


