कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में दोगुना मुनाफा देने का झांसा देकर महिला से 9.13 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.05 लाख रुपये वापस करा दिए। देवी सहाय नगर निवासी नीलम कुमारी ने 26 मार्च को थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 5 फरवरी को उनके पास एक इंटरनेशनल कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने निवेश पर रकम दोगुनी करने का लालच दिया और उन्हें अपने झांसे में ले लिया। टेलीग्राम ग्रुप के जरिए कराया निवेश आरोपियों ने नीलम को एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया, जहां उन्हें लगातार निवेश के लिए प्रेरित किया गया। भरोसा दिलाकर उनसे अलग-अलग खातों में आठ बार में कुल 9.13 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। कुछ समय बाद जब रकम वापस नहीं मिली तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने आरोपियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। साइबर टीम की मदद से रकम होल्ड मामला दर्ज होने के बाद कल्याणपुर पुलिस ने साइबर सेल की मदद से कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई थी, उन्हें ट्रैक कर धनराशि को होल्ड कराया गया। त्वरित कार्रवाई के चलते पुलिस ने 7.05 लाख रुपये सुरक्षित कर लिए, जिसे बुधवार रात पीड़िता को वापस करा दिया गया। रकम वापस मिलने पर पीड़िता ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया। उन्होंने कहा कि समय पर कार्रवाई न होती तो पूरी रकम गंवानी पड़ सकती थी। लोगों से सतर्क रहने की अपील कल्याणपुर प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस डॉ. सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि साइबर टीम की सहायता से रकम होल्ड कराकर वापस कराई गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या निवेश के झांसे में न आएं और सतर्कता बरतें।


