गोण्डा जिले में पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। नंबर प्लेट छिपाकर चल रहे ट्रक और डंपरों पर दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सैकड़ों वाहनों की जांच कर भारी संख्या में चालान किए गए। नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना भी लगाया गया।
गोण्डा में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर जिलेभर में दो दिन तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान खास तौर पर उन भारी वाहनों जैसे ट्रक और डंपर के खिलाफ था। जो अपनी नंबर प्लेट छिपाकर या गलत तरीके से लगाकर सड़कों पर चल रहे थे। पुलिस के अनुसार, कई वाहन चालक जानबूझकर नंबर प्लेट को मिटा देते हैं। या उसे ढक देते हैं। जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे वाहन दुर्घटना या किसी आपराधिक घटना में शामिल होने पर आसानी से पकड़ में नहीं आते। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए यह सख्त अभियान शुरू किया गया।
अभियान के दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने जगह-जगह बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की। कुल 1811 ट्रक और डंपरों की चेकिंग की गई। जांच में 446 वाहनों में नंबर प्लेट से जुड़ी गड़बड़ी या अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन पाया गया। इन सभी वाहनों का चालान किया गया।
10 लाख 91 हजार 600 रुपये जुर्माना,26 वाहन हुए सीज
इसके साथ ही पुलिस ने नियम तोड़ने वाले चालकों से कुल 10,91,600 रुपये का शमन शुल्क भी वसूला। वहीं, जिन वाहनों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। ऐसे 26 वाहनों को सीज कर दिया गया है। उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
वाहनों पर साफ व मानक के अनुसार लगाएं नंबर प्लेट
पुलिस अधीक्षक ने वाहन मालिकों और चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर साफ और मानक के अनुसार नंबर प्लेट लगाएं। सभी यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। ताकि सड़क हादसों पर रोक लगाई जा सके। इसके साथ ही अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण बना रहे।


