बिलख उठे माता-पिता: 16 घंटे से गायब 3 साल की मासूम बच्ची बोरी के अंदर मिली, सिर और चेहरे पर चोट के निशान

बिलख उठे माता-पिता: 16 घंटे से गायब 3 साल की मासूम बच्ची बोरी के अंदर मिली, सिर और चेहरे पर चोट के निशान

Missing 3 year girl: कन्नौज में बीते मंगलवार को खेल रही 3 साल की मासूम अचानक गायब हो गई। जब घर वालों को बेटी का ख्याल आया तो खोजना शुरू किया। लेकिन नहीं मिली। नाते-रिश्तेदारी में भी देखा लेकिन बेटी का कहीं पता नहीं चला।‌ स्थानीय थाना पुलिस को बच्ची के गायब होने की जानकारी दी गई। पूरी रात घर वाले बेटी की तलाश करते रहे। लेकिन वह नहीं मिली। सुबह जब गांव वाले खेत की तरफ गए तो उन्हें रोने की आवाज सुनाई पड़ी। नजदीक जाकर देखा तो बोरी के अंदर से आवाज आ रही थी। देखते-देखते मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। बोरी खोलने पर मासूम बच्ची मिली। इसकी जानकारी मिलते ही रात भर से तड़प रहे पिता ने बच्ची को अपने सीने से लगा लिया। बिलख बिलख कर रोने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को पिता के साथ मेडिकल परीक्षण के लिए ले गए। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपी की तलाश की जा रही है। मामला गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र का है।

मंगलवार को 3 बजे गायब हुई थी बच्ची

उत्तर प्रदेश के कन्नौज के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में तीन साल की मासूम बच्ची खेल रही थी। मंगलवार के 3 बजे तक वह घर वालों की निगाहों में रही। खेलते-खेलते अचानक वह गायब हो गई। परिजनों ने जब खोजने का प्रयास किया तो वह नहीं मिली। आसपास के क्षेत्र को देखा, लेकिन मासूम कहीं नजर नहीं आई। समय बीतने के साथ माता-पिता और घर वालों की धड़कनें बढ़ती जा रही थी, रोना-पीटना मच गया।

रात भर की तलाश में नहीं मिली सफलता

घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। गुरसहायगंज थाना कोतवाली पुलिस ने घटना की जानकारी प्राप्त की और बच्चे की तलाश में लग गई। रात भर तलाश करने के बाद भी बच्ची के विषय में कोई जानकारी नहीं हुई। सुबह के समय जब ग्रामीण खेत की तरफ जा रहे थे, तो उन्हें रोने की आवाज सुनाई पड़ी। नजदीक जाकर देखा तो बोरी के अंदर से रोने की आवाज आ रही थी।

बोरी से निकाली गई मासूम बच्ची

इस बीच मौके पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। बोरी खोला गया तो गायब 3 साल की बच्ची उसमें मिली। जिसके सर और गले में चोट का निशान था। बच्ची काफी डरी हुई थी। बच्ची के मिलने की जानकारी पुलिस कर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को परिजनों के साथ मेडिकल के लिए भेज दिया।

क्या कहती है गुरुसहायगंज थाना पुलिस?

इस संबंध में गुरसहायगंज कोतवाली प्रभारी अजय अवस्थी ने बताया कि मिली तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।घटना के खुलासे के लिए टीम गठित की गई है। जल्दी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ‌

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *