राजसमंद शहर में पुरानी कलेक्ट्री परिसर में बन रहे राजीविका महिला एवं स्वयं सहायता समूहों के लिए रूरल मार्ट एवं प्रशिक्षण कार्यशाला भवन के निर्माण कार्य का विरोध देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष मानसिंह बारहठ के नेतृत्व में कुछ लोग मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य को रुकवाते हुए प्रदर्शन किया। स्थाई निर्माण का विरोध प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पुरानी कलेक्ट्री परिसर का यह खाली मैदान वर्षों से सरकारी, गैर-सरकारी, सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए उपयोग में लिया जाता रहा है। ऐसे में यहां स्थायी निर्माण होने से मैदान का आकार छोटा हो जाएगा और भविष्य में होने वाले कार्यक्रम प्रभावित होंगे। अधिकारियों ने समझाइश की विरोध की सूचना पर उपखंड अधिकारी एवं कार्यवाहक आयुक्त बृजेश राय मौके पर पहुंचे और लोगों से समझाइश की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जब तक मामले का समाधान नहीं निकलता, तब तक निर्माण कार्य स्थगित रखा जाएगा। नगर परिषद के एईएन नंदलाल के मौके पर पहुंचने पर लोगों ने भवन निर्माण की स्वीकृति की प्रति भी मांगी। जेसीबी से चल रहा खुदाई कार्य विरोध के बाद बंद करा दिया गया। प्रशासन ने मामले में आगे उचित निर्णय लेने की बात कही है।


