डूंगरपुर जिले के आसपुर थाना क्षेत्र के गोल गांव में एक निर्माणाधीन मकान की छत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आसपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार यह हादसा गोल गांव निवासी जीतू मेहता के निर्माणाधीन मकान में हुआ। मजदूर छत की भराई (आरसीसी) का काम कर रहे थे, तभी अचानक छत का पूरा ढांचा ढह गया। मलबे के नीचे दबने से वहां काम कर रहे मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में शेरपुर निवासी लक्ष्मण मीणा की मौत हो गई। वहीं, सडा निवासी सुरजमल, दोलपुरा निवासी कंकू, सडा निवासी कालु और सडा निवासी दिनेश घायल हो गए। घायलों को तुरंत आसपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से एक गंभीर घायल को डूंगरपुर रेफर किया गया है। तीन अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मृतक के शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही आसपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। अस्पताल परिसर में भी लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।


