Kanpur News:जुए और शराब की लत ने उजाड़ा परिवार, कर्ज और तनाव से जूझ रहे किसान ने दी जान

Kanpur News:जुए और शराब की लत ने उजाड़ा परिवार, कर्ज और तनाव से जूझ रहे किसान ने दी जान

कानपुर देहात। डेरापुर थाना क्षेत्र के कपासी कला गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आर्थिक तंगी, जुए और शराब की लत के कारण मानसिक तनाव में आए एक किसान ने आत्महत्या कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बुधवार सुबह गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब रोज की तरह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक आम के पेड़ पर 50 वर्षीय राजेश संखवार का शव फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखकर लोगों के होश उड़ गए और तुरंत अन्य ग्रामीणों को सूचना दी गई। खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को भी दे दी गई।

मृतक के बेटे विपिन ने बताया कि उसके पिता को लंबे समय से शराब और जुए की लत थी। पिछले 15 दिनों के भीतर उन्होंने खेती के करीब 70 से 80 हजार रुपये जुए में हार दिए थे। आर्थिक रूप से कमजोर हो चुके राजेश इस नुकसान के बाद गहरे तनाव में चले गए थे। परिजनों के मुताबिक, वह पिछले तीन दिनों से लगातार आत्महत्या का प्रयास कर रहे थे, लेकिन हर बार उन्हें समझाकर रोक लिया जाता था। बुधवार सुबह वह चुपचाप घर से निकल गए और यह खौफनाक कदम उठा लिया।

राजेश के परिवार में छह बेटे और तीन बेटियां हैं। पिता की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने अब आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते उन्हें सही परामर्श और मदद मिल जाती, तो शायद यह घटना टल सकती थी।घटना की सूचना मिलते ही डेरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *