संगरूर में बच्चों के झगड़े में व्यक्ति की हत्या:किरच से किया हमला, विवाद सुलझाने के लिए गया था, बचाव कराने आया भतीजा घायल

पंजाब के संगरूर जिले में बच्चों के झगड़े को सुलझाने गए एक व्यक्ति की किरच (तलवारनुमा हथियार) मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना सुनाम शहर की इंदिरा बस्ती में हनुमान मंदिर के पास हुई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय राजकुमार पुत्र छोटू राम निवासी इंदिरा बस्ती, सुनाम के रूप में हुई है। बीच-बचाव कराते वक्त मृतक का भतीजा बलिंदर कुमार घायल हो गया। थाना सिटी सुनाम के चीफ ऑफिसर इंस्पेक्टर प्रतीक जिंदल ने बताया कि इंदिरा बस्ती में बच्चों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। देखते ही देखते बच्चों के परिवार वाले भी इस विवाद में शामिल हो गए। आधा दर्जन युवकों को बुलाया हंगामा बढ़ने पर राजकुमार अपने भतीजे बलिंदर कुमार के साथ दोनों पक्षों को समझाने के लिए मौके पर पहुंचे। इसी बीच, एक पक्ष ने अपने समर्थन में लगभग आधा दर्जन युवकों को बुला लिया। हमलावरों ने राजकुमार पर किरच से हमला कर दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर प्रतीक जिंदल ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में सुनाम निवासी छह युवकों, हैरी, सावन, गोबिंद, अमन, करण और वरुण के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कहा कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *