Rajasthan Shivira Panchang 2026 : बीकानेर। राजस्थान के सरकारी एवं निजी स्कूलों के संचालन के लिए शिक्षा विभाग ने शिविरा पंचांग जारी कर दिया है। बुधवार से नया शिक्षा सत्र शुरू हो गया है। इसके साथ ही विभाग ने पंचाग में इस शिक्षा सत्र में 244 दिन स्कूल खुलने का कलेंडर भी जारी कर दिया है। ग्रीष्मावकाश में दस दिन की कटौती की गई है। साथ ही कक्षा 9 से 12 में प्रवेश की अंतिम तिथि 11 जुलाई रखी गई है। पहले जुलाई में नया सत्र शुरू होने पर शिविरा पंचांग जून अथवा जुलाई में जारी किया जाता रहा है।
शिविरा पंचांग के अनुसार 31 मार्च 2027 को सत्र समाप्त हो जाएगा। लेकिन गर्मी की छुट्टियों में दस दिन की कटौती कर दी गई है। ऐसा भी पहली बार हुआ है। विभाग का मानना है कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर स्कूलों में योगाभ्यास कराया जाता है।
इस दिन स्टाफ और विद्यार्थी कम आते हैं। ऐसे में ग्रीष्मावकाश 17 मई से 20 जून तक ही रखा जाएगा। पहले 17 मई से 30 जून तक रहता था। विद्यालयों में बच्चों के प्रवेश की आयु 6 वर्ष या उससे अधिक परन्तु 7 वर्ष से कम वर्ष निर्धारित की गई है। एनीमिया मुक्त राजस्थान कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक माह के मंगलवार को शक्ति दिवस के रूप में मनाने का निर्णय भी किया है।
मध्यावधि अवकाश 4 से 15 नवंबर तक
दीपावली के दिनों में मध्यावधि अवकाश किया जाता है। ऐसे में इसकी तिथि आगे पीछे होती रहती है। इस बार मध्यावधि अवकाश 4 से 15 नवंबर तक रखे गए है। जबकि शीतकालीन अवकाश 31 दिसंबर से 10 जनवरी तक किए गए है। जिन जिलों में सर्दी ज्यादा होगी, वहां सर्दी की छुट्टियां बढ़ाने के लिए जिला कलक्टर को अधिकृत किया गया है। स्कूलों में एक से 15 सितंबर तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाएगा।
11 जुलाई प्रवेश की अंतिम तिथि
कक्षा 9 एवं 11 में प्रवेश की अंतिम तिथि 11 जुलाई निर्धारित की है। दोनों कक्षाओं की पूरक परीक्षाएं अप्रेल के द्वितीय सप्ताह में होगी। माह के दूसरे एवं चौथे शनिवार को नो बैग डे रहेगा। महापुरुषों की जयंती एवं विशेष दिवस पर 32 तरह के उत्सव मनाए जाएंगे।
इस तरह लगेंगे 244 दिन स्कूल
अप्रेल 23 दिन, मई 14, जून 7, जुलाई 27, अगस्त 23, सितंबर 24,अक्टूबर 24, नवंबर 14, दिसंबर 25, जनवरी 17, फरवरी 23 तथा मार्च में 23 दिन स्कूल लगेंगे।


