बहन से छेड़छाड़ का बदला: दोस्त को बुलाकर शराब पिलाई, गला घोंटा… 9 महीने बाद खेत से मिला कंकाल

बहन से छेड़छाड़ का बदला: दोस्त को बुलाकर शराब पिलाई, गला घोंटा… 9 महीने बाद खेत से मिला कंकाल

फर्रुखाबाद में एक युवक की गुमशुदगी का राज 9 महीने बाद खुला तो सभी हैरान रह गए। दोस्ती के नाम पर बुलाकर की गई हत्या का यह मामला रिश्तों में छिपे गुस्से और बदले की कहानी बन गया। मृतक की पत्नी लगातार दर-दर भटकती रही। आखिरकार उसकी जिद ने पुलिस को कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया। जिसके बाद सच सामने आ सका।

फर्रुखाबाद जिले के अमृतपुर थाना क्षेत्र के गुजरपुर पमारान गांव में एक युवक की हत्या का मामला करीब 9 महीने बाद सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर खेत से कंकाल बरामद किया गया है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय ओमवीर के रूप में हुई है। जो गांव में साइकिल रिपेयरिंग की छोटी दुकान चलाता था। उसकी शादी तीन साल पहले शाहजहांपुर की धर्मशीला से हुई थी। परिवार में मां और दो भाई हैं। ओमवीर के पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। जिसके बाद वह घर की जिम्मेदारी संभाल रहा था।

मृतक को साथी दुकान से बुलाकर ले गया और कर दी हत्या

घटना 20 जुलाई 2025 की शाम की है। उस दिन ओमवीर अपनी दुकान पर काम कर रहा था। तभी उसका दोस्त रामू यादव वहां पहुंचा। उसे अपने साथ चलने के लिए कहा। ओमवीर दुकान बंद करके घर गया। पत्नी से खाना लगाने को कहा, लेकिन बिना खाए ही रामू के साथ निकल गया। इसके बाद वह कभी वापस नहीं लौटा। रात तक घर न लौटने पर परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की। लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में मां और पत्नी ने कई लोगों के खिलाफ शक जताते हुए शिकायत दी। अगस्त में पत्नी ने नामजद मुकदमा भी दर्ज कराया। लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला।

मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायत होने के बाद सच आया सामने

इस दौरान मृतक की पत्नी धर्मशीला लगातार पुलिस और अधिकारियों के चक्कर लगाती रही। आखिरकार उसने मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच तेज की। 31 मार्च 2026 की रात पुलिस ने मुख्य आरोपी रामू यादव को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि ओमवीर उसका दोस्त था। लेकिन एक बार वह उसे अपनी बहन की ससुराल ले गया था। जहां ओमवीर ने उसकी बहन के साथ छेड़छाड़ कर दी थी। इस घटना के बाद आरोपी के मन में बदला लेने की भावना पैदा हो गई।

पहले पिलाई शराब फिर कर दी हत्या मक्के के खेत में शव को दफनाया

योजना के तहत उसने अपने साथी के साथ मिलकर ओमवीर को खेत पर बुलाया। वहां पहले उसे शराब पिलाई गई और फिर गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को मक्के के खेत में गाड़ दिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जमीन खोदकर कंकाल बरामद कर लिया है। और आगे की कार्रवाई जारी है। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया कि निजी रंजिश किस तरह खौफनाक अंजाम तक पहुंच सकती है। जबकि पीड़ित परिवार महीनों तक इंसाफ के इंतजार में भटकता रहा।

अपर पुलिस अधीक्षक बोले- मुख्य आरोपी को देहरादून से किया गया गिरफ्तार

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के अनुसार, ओमवीर की पत्नी ने कुछ महीने पहले शिकायत दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान 31 मार्च की रात मुख्य आरोपी रामू को देहरादून से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि घटना के बाद शव को घर से लगभग एक किलोमीटर दूर अपने खेत में दफना दिया था। पुलिस ने आज वहां से कंकाल बरामद कर लिया है। आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *