उदयपुर के पाटिया थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व युवक की हत्या के मामले में 4 आरोपियों को डिटेन कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने इनके नाम उजागर नहीं किए हैं। डीएसपी राजीव राहर ने बताया कि आरोपियों के बारे में अहम सुराग हाथ लगे हैं। 4 आरोपियों को डिटेन कर लिया है और आगे जांच जारी है। डीएसपी ने बताया कि हमने परिजनों को आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बुधवार को समझाइश के बाद परिजन और ग्रामीण पोस्टमार्टम को सहमत हो गए। खेरवाड़ा सरकारी हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम प्रक्रिया करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। फिलहाल एरिया में शांति कायम है। बता दें, सोमवार देर रात 6 से ज्यादा बदमाशों ने मृतक नीलेश गरासिया (35) पिता लालजी की तलवार से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी थी। चचेरे भाई की शादी फंक्शन से घर लौट रहा था युवक
घटना पाटिया थाना क्षेत्र के खेड़ाघाटी, बलीचा में सोमवार रात करीब 2 बजे की है। युवक नीलेश अपने चचेरे भाई की शादी के फंक्शन में शामिल होकर स्कूटी से घर लौट रहा था। तभी बदमाशों ने हमला कर दिया था। मृतक नीलेश गरासिया (35) पिता लालजी कई साल से अहमदाबाद में बिल्डिंग ठेकेदारी का काम करता था। युवक कुछ दिन पहले गांव आया था। उसकी मौत के बाद मंगलवार को परिजन और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी होने पर ही पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़े थे। मंगलवार को दिनभर डीएसपी राजीव राहर ने परिजनों से समझाइश की थी लेकिन वे नहीं माने। 3 बार वार्ता भी हुई लेकिन बात नहीं बनी। हमले से पहले शादी समारोह में भी मौजूद थे हमलावर मृतक के चचेरे भाई नरेश गरासिया ने बताया कि नीलेश पर अनिल, विपिन, जयदीप, बद्री, हितेश और अन्य ने मिलकर हमला किया। इनमें आधे से ज्यादा लोग पहले शादी समारोह में मौजूद थे। वे हमारे बाहर निकलने का इंतजार कर रहे थे। जबकि कुछ युवक पहले से ही रोड पर खड़े हुए थे। जैसे ही मैं और नीलेश शादी समारोह से बाहर निकले, आरोपी भी बाइक लेकर पीछे आ गए। रास्ते में अचानक स्कूटी रुकवाकर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। एक युवक के हाथ में तलवार थी, जिससे उसने नीलेश के हाथ पर हमला किया। मैं अपने लोगों को बुलाने दौड़ा, कुछ मिनट बाद लोगों के साथ वहां पहुंचा तो नीलेश पूरी तरह से लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था। उसके मुंह, गले और हाथ पर धारदार हथियार से वार किए गए।
जानकारी के अनुसार, नीलेश और आरोपियों के बीच लंबे समय से रंजिश है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शी नरेश से जानकारी लेकर आरोपियों की तलाश कर रही है। इनपुट: सतवीर सिंह चौहान, पहाड़ा


