डूंगरपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस और डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। जिला भाजपा कार्यालय में हुई इस बैठक में 6 अप्रैल को मनाए जाने वाले स्थापना दिवस और 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित इस बैठक में भाजपा स्थापना दिवस कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर, जिला अध्यक्ष अशोक पटेल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दीन दयाल सिंह चौहान और प्रदेश कार्यसमिति विशेष आमंत्रित सदस्य कारी लाल ननोमा सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में 6 अप्रैल को भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत योजना बनाई गई। निर्णय लिया गया कि 5 से 7 अप्रैल तक पार्टी कार्यालयों को सजाया जाएगा और 6 अप्रैल को ध्वजारोहण के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यकर्ता अपने घरों पर भी पार्टी का ध्वज फहराएंगे और सोशल मीडिया के माध्यम से इसका प्रचार-प्रसार करेंगे। बूथ स्तर पर भी स्थापना दिवस मनाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और स्थापना दिवस को सेवा और समर्पण के भाव से मनाया जाएगा। बैठक में 7 से 12 अप्रैल तक ‘गांव-बस्ती चलो अभियान’ चलाने का भी निर्णय लिया गया। इस अभियान के तहत कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर स्वच्छता अभियान चलाएंगे, जनसंपर्क करेंगे और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। इसके अतिरिक्त 14 अप्रैल को डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रतिमा सफाई, दीपोत्सव और माल्यार्पण जैसे आयोजन शामिल हैं।


