औरैया में तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर से केसमपुर के नन्हे खां (85) की मौत हो गई। घटना मंगलवार देर शाम की है। फफूंद कस्बे जाते समय एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल नन्हे खां ने सैफई मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। घटना सुभाषपा नेता लालू राजपूत के घर के सामने हुई। मौके पर मौजूद केसमपुर के बीडीसी लायक सिंह ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दुर्घटनास्थल से बाइक को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया।
इलाज के दौरान बुजुर्ग ने तोड़ा दम
घायल नन्हे खां को पहले दिबियापुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में कुछ देर उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। देर रात सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। झाड़फूंक करते थे बुजुर्ग
नन्हे खां अपने पीछे पांच बेटियां और तीन बेटे छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी की दो साल पहले मौत हो चुकी थी। वह धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और पांच वक्त के नमाजी होने के साथ-साथ झाड़फूंक का काम भी करते थे। सैफई मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद शव को उनके पैतृक गांव केसमपुर लाया जाएगा, जहां सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।


