वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने से 31 मार्च से 3 अप्रैल तक उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा में तेज बारिश-ओलावृष्टि हुई। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का दौर जारी है। जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में एवलांच आया है और कई रास्ते बंद हो गए हैं। अगले 24 घंटों में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और एवलांच का अलर्ट जारी किया गया है। बारामूला में भारी बारिश के कारण एक स्कूल हॉस्टल में फंसे 34 छात्रों को आर्मी ने सुरक्षित बाहर निकाला। मध्य प्रदेश के 41 जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई, जबकि 12 जिलों में ओले गिरे। इसके चलते कई इलाकों में तापमान में गिरावट आई है और गर्मी का असर कम हुआ है। राजस्थान में मंगलवार को 6 जिलों में बारिश के साथ ओले गिरे। जोधपुर, अजमेर, चूरू, सीकर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी गेहूं और सरसों जैसी फसलों को नुकसान पहुंचा है। वहीं श्रीगंगानगर में बिजली गिरने की घटना में दो बच्चों समेत तीन लोग झुलस गए। हरियाणा के हिसार समेत छह जिलों में ओलावृष्टि और बारिश हुई, जबकि पांच अन्य जिलों में सिर्फ बारिश हुई। भिवानी के तोशाम में मुख्यमंत्री नायब सैनी की रैली के दौरान भी बारिश हुई, हालांकि पहले से अलर्ट होने के कारण यहां वाटरप्रूफ पंडाल की व्यवस्था की गई थी। उत्तर प्रदेश के मथुरा में भी शाम के समय तेज बारिश और ओले गिरे, जबकि नोएडा, गाजियाबाद और हाथरस में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। वहीं हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है, जिससे अटल टनल, शिंकुला और रोहतांग दर्रा जैसे क्षेत्रों में फिर से ठंड बढ़ गई है। देशभर से मौसम की 3 तस्वीरें… अगले 2 दिन मौसम का हाल
MP के 12, राजस्थान के 6 जिलों में ओले गिरे:4 राज्यों में तेज बारिश; जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में एवलांच का अलर्ट


