वंदे मातरम् के 150 साल: सप्ताहभर कार्यक्रमों से गूंजा देशभक्ति का स्वर

भास्कर न्यूज | रायगढ़ वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर 23 से 30 मार्च तक विशेष सप्ताह का आयोजन किया। सप्ताहभर चले कार्यक्रमों में स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को श्रद्धांजलि दे वंदे मातरम् की ऐतिहासिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाया। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने आयोजन की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों के फोटो और वीडियो पोर्टल पर अपलोड किए जाएं, ताकि इसका दस्तावेज तैयार हो सके। इस दौरान वंदे मातरम् पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया और अधिकारियों- कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से “वंदे मातरम” का गायन किया। संयुक्त कलेक्टर पूजा बंसल ने बताया कि इस विशेष सप्ताह में शैक्षणिक संस्थानों, स्थानीय निकायों और ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी रही। सप्ताहभर विभिन्न जागरूकता और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सामूहिक गायन प्रमुख आकर्षण रहा। भास्कर न्यूज | रायगढ़ जिले में राजस्व समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए राजस्व पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा। अभियान तीन चरणों में चलेगा। पहला 1 से 15 अप्रैल, दूसरा 4 से 18 मई और तीसरा 1 से 15 जून 2026 तक। इस दौरान गांव-गांव शिविर लगाकर किसानों और ग्रामीणों के मामलों का मौके पर ही समाधान किया जाएगा। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर सुव्यवस्थित और परिणाम मुखी हों। अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, नक्शा बटांकन, व्यपवर्तन सहित समय-सीमा से बाहर लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। फौती नामांतरण, बंटवारा और अभिलेख त्रुटि सुधार के मामलों का ऑनलाइन पंजीयन, नोटिस जारी कर सुनवाई और निराकरण भी शिविर स्थल पर ही करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि शिविरों में आने वाले ग्रामीणों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए और कोटवारों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में तेजी लाने, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *