खराब मौसम ने बिगाड़ा फ्लाइट शेड्यूल:चंडीगढ़ नहीं उतर सकी इंडिगो फ्लाइट, 3 घंटे बाद जयपुर लौटी; दिल्ली की 3 फ्लाइट जयपुर डायवर्ट

खराब मौसम ने बिगाड़ा फ्लाइट शेड्यूल:चंडीगढ़ नहीं उतर सकी इंडिगो फ्लाइट, 3 घंटे बाद जयपुर लौटी; दिल्ली की 3 फ्लाइट जयपुर डायवर्ट

उत्तर भारत में खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर साफ दिखाई दे रहा है। इंडिगो एयरलाइंस की जयपुर से चंडीगढ़ जा रही फ्लाइट संख्या 6E – 7414 निर्धारित समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच सकी और करीब तीन घंटे हवा में चक्कर लगाने के बाद वापस फ्लाइट को जयपुर लौटना पड़ा। दरअसल, इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट रात करीब 8 बजे जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रवाना हुई थी। जिसे 8 बजकर 45 मिनट पर चंडीगढ़ पहुंचना था। लेकिन खराब मौसम के कारण चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। पायलट ने करीब एक घंटे से अधिक समय तक फ्लाइट को होल्ड पर रखा, लेकिन हालात सामान्य नहीं होने पर आखिरकार फ्लाइट को वापस जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। वहीं, दिल्ली में भी खराब मौसम के चलते एयर ट्रैफिक प्रभावित रहा। राजधानी के एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स की लैंडिंग नहीं हो पाई, जिसके चलते कुछ फ्लाइट्स को होल्ड पर रखा गया। जबकि कई को अन्य शहरों की ओर डायवर्ट करना पड़ा। इसी कड़ी में पुणे से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E – 2126 को जयपुर डायवर्ट किया गया। वहीं देवघर से दिल्ली आ रही फ्लाइट 6E – 2232 और तिरुपति से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट 6E – 733 को भी सुरक्षित जयपुर लैंड कराया गया। बता दें कि लगातार खराब मौसम के कारण पैसेंजर्स को देरी, डायवर्जन और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। ऐसे में अब मौसम सामान्य होते ही फ्लाइट का संचालन सुचारु करने की कोशिश की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *