Gujarat: डिग्री इंजीनियरिंग में प्रवेश के लिए आज से शुरू होगा ऑनलाइन पंजीकरण

Gujarat: डिग्री इंजीनियरिंग में प्रवेश के लिए आज से शुरू होगा ऑनलाइन पंजीकरण

Ahmedabad. गुजरात के इंजीनियरिंग कॉलेजों में उपलब्ध बेचलर ऑफ इंजीनियरिंग (बीई) यानी डिग्री इंजीनियरिंग कोर्स में प्रवेश के लिए व्यावसायिक पाठ्यक्रम प्रवेश समिति (एसीपीसी) ने एक अप्रेल से ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है।

एसीपीसी की ओर से मंगलवार को वर्ष 2026-27 के लिए डिग्री इंजीनियरिंग कोर्स में प्रवेश का आधिकारिक कार्यक्रम घोषित कर दिया गया, जिसके तहत ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई निर्धारित की गई है।

एसीपीसी के तहत प्रवेश प्रक्रिया एक अप्रेल से शुरू होगी। 31 मई शाम 5 बजे तक ऑनलाइन पंजीकरण किया जा सकेगा। विद्यार्थी 12वीं की अंकतालिका की जगह बोर्ड परीक्षा का प्रवेश पत्र और गुजकैट, जेईई की अंकतालिका की जगह उसका प्रवेश पत्र (हॉल टिकट) अपलोड करके पंजीकरण करा सकेंगे। विद्यार्थियों को आवेदन के लिए करीब दो महीने का समय मिलेगा। पंजीकरण शुल्क 350 रुपए रखा गया है। विद्यार्थियों को सभी दस्तावेज ऑनलाइन ही अपलोड करने होंगे। किसी भी प्रकार की ऑफलाइन जांच या उन्हें जमा की आवश्यकता नहीं है।

बीई में हैं कुल 78 हजार सीटें

गुजरात में 16 सरकारी, 3 अनुदानित, 1 स्वायत्त, 120 निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में बीई की 78,611 सीटें हैं। बीते वर्ष 2025-26 में एसीपीसी की ओर से दिए गए प्रवेश में से 41,442 सीटों पर विद्यार्थियों ने प्रवेश को कन्फर्म कराया था। सरकारी और अनुदानित कॉलेज में 10957 सीटें हैं, एक स्वायत्त संस्था में 156 सीटें हैं और 120 निजी कॉलेज में 67654 सीटे हैं।

12वीं विज्ञान में उत्तीर्ण होने के साथ गुजकैट अनिवार्य

गुजरात की सरकारी, अनुदानित कॉलेजों की 95% सीटों और निजी कॉलेज की 50 फीसदी सीटों पर एसीपीसी की ओर से प्रवेश दिया जाता है। जिसके लिए 12वीं विज्ञान संकाय की परीक्षा को 45 फीसदी अंक से उत्तीर्ण करना और 2026 की गुजकैट देना जरूरी है। भौतिक विज्ञान, गणित- जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान के 12वीं विज्ञान संकाय के पर्सेन्टाइल के 50 प्रतिशत और गुजकैट पर्सेन्टाइल के 50 के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी। उसके आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। सरकार की 5 प्रतिशत सीटों पर जेईई मैन्स 2026 के ऑल इंडिया रैंक के आधार पर मेरिट बनाकर प्रवेश दिया जाएगा।

12 जून को प्रोवीजनल मेरिट, 25 जून को पहले चरण का प्रवेश

एसीपीसी के तहत प्रोविजनल मेरिट लिस्ट 12 जून को जारी होगी। मॉक राउंड के लिए 12 से 15 जून तक चॉइस भरी जा सकेगी। उसके आधार पर मॉक राउंड का रिजल्ट 17 जून को घोषित किया जाएगा। फाइनल मेरिट लिस्ट 17 जून को जारी होगी। पहले चरण के आधिकारिक प्रवेश के लिए 17 से 22 जून तक चॉइस फिलिंग की जाएगी। 25 जून को पहले चरण का प्रवेश आवंटित किया जाएगा। जिन विद्यार्थियों को पहले चरण में प्रवेश मिलेगा, उन्हें 25 से 30 जून तक फीस भर कर प्रवेश को कन्फर्म कराना होगा। एक जुलाई से कॉलेज में शैक्षणिक कार्य शुरू हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *