PBKS vs GT, IPL 2026: गुजरात टाइटंस ने मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के चौथे मुकाबले में पंजाब किंग्स को जीत के लिए 163 रन का टारगेट दिया है। टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए। इस टीम को साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल की जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 3.4 ओवरों में 37 रन की साझेदारी की। सुदर्शन 11 गेंदों में 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
कोई नहीं जड़ पाया अर्धशतक
इसके बाद गिल ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 46 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। कप्तान 27 गेंदों में 6 छक्कों के साथ 39 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद बटलर ने ग्लेन फिलिप्स के साथ तीसरे विकेट के लिए 36 रन जुटाकर टीम को शतक के पार पहुंचाया। बटलर ने 33 गेंदों में 38 रन टीम के खाते में जोड़े। इनके अलावा, ग्लेन फिलिप्स ने 25 रन और वाशिंगटन सुंदर ने 18 रन का योगदान दिया। पारी के अंतिम ओवर में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने कुल 11 बॉल फेंकी। इस दौरान 4 वाइड और 1 नो-बॉल शामिल थी। इस पूरे ओवर में अर्शदीप ने 12 रन लुटाए।
पंजाब किंग्स के लिए विजयकुमार वैशाक ने 34 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि युजवेंद्र चहल ने 2 विकेट निकाले। मार्को यानसेन ने एक शिकार किया। टाइटंस की टीम में 23 वर्षीय तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को डेब्यू का मौका दिया गया है, जिन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 150 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीम को परेशान किया है। इस मुकाबले में अशोक पर फैंस की निगाहें रहेंगी।
शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस इस मुकाबले में साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, एम शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अशोक शर्मा और मोहम्मद सिराज के साथ मैदान पर उतरी है।
दूसरी ओर, श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल के साथ यह मैच खेल रही है।


