हनुमान जन्मोत्सव पर बैतूल में विशेष ट्रैफिक प्लान, गंज क्षेत्र शाम 4 बजे से नो व्हीकल जोन घोषित

हनुमान जन्मोत्सव पर बैतूल में विशेष ट्रैफिक प्लान, गंज क्षेत्र शाम 4 बजे से नो व्हीकल जोन घोषित

-शोभायात्राओं के चलते कई मार्गों पर डायवर्जन, गलत पार्किंग पर होगी चालानी कार्रवाई और टोइंग।

बैतूल। जिले में 2 अप्रेल को हनुमान जन्मोत्सव का पर्व हिंदू समुदाय द्वारा हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न संगठनों द्वारा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में रथ यात्रा, शोभायात्रा, अखाड़ा प्रदर्शन, जुलूस, वाहन रैली और भंडारे जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के मद्देनजर विशेष यातायात व्यवस्थाएं लागू की हैं। यह निर्णय मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित यातायात को लेकर हुई बैठक में लिया गया। बैठक में एसडीएम अभिजीत ङ्क्षसह, एएसपी कमला जोशी सहित टीआई मौजूद थे।
गंज क्षेत्र में नो व्हीकल और नो पार्किंग व्यवस्था
कार्यक्रम के दौरान गंज क्षेत्र में शाम 4 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक पूर्ण रूप से नो व्हीकल और नो पार्किंग जोन घोषित किया गया है। इस दौरान किसी भी वाहन के प्रवेश और पार्किंग पर प्रतिबंध रहेगा। कोठी बाजार से निकलने वाली रथ यात्रा के दौरान भारी, मध्यम और ट्रैक्टर-ट्रॉली वाहनों का आंबेडकर चौक से कॉलेज चौक, आंबेडकर चौक से बस स्टैंड होते हुए फांसी खदान पानी टंकी मार्ग तथा राजा भोज चौक से कंट्रोल रूम चौक होते हुए गंज जाने वाले मार्ग पर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
इन क्षेत्रों में रहेगा नो पार्किंग जोन
सदर ओवरब्रिज से गंज होते हुए आबकारी चौक, गुप्ता मॉल से दिलवाहर चौक, बाबू चौक से तांगा स्टैंड तथा आभाश्री होटल से आबकारी चौक तक वाहन खड़े करने पर पूरी तरह रोक रहेगी। वहीं शाम 4 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक माचना ब्रिज (सदर), भगत सिंह चौक, हाउसिंग बोर्ड मार्ग (एचपी गैस एजेंसी), कॉलेज चौक, गुप्ता मॉल, आभाश्री होटल, आबकारी कार्यालय (मंगल भवन) और बाबू चौक से यातायात को डायवर्ट किया जाएगा।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घोषित नो पार्किंग जोन में यदि कोई वाहन खड़ा पाया जाता है तो उसे टोइंग वैन से हटाया जाएगा। साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई भी की जाएगी।
यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय
बडोरा क्षेत्र से रामनगर अंडरब्रिज होकर गंज आने वाले वाहन सदर ओवरब्रिज और गेंदा चौक होकर शहर में प्रवेश करेंगे। गंज बस स्टैंड आने वाली बसें केवल भगत सिंह चौक तक ही संचालित रहेंगी। रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर 1 जाने के लिए गुरुद्वारा रोड, इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप और बड़ी माता मंदिर मार्ग का उपयोग करना होगा, जबकि प्लेटफॉर्म नंबर 2 के लिए सदर ओवरब्रिज, अंडरब्रिज और रामनगर मार्ग निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *