अवैध रेत खनन रोकने पुलिस एम्बुलेंस से पहुंची:नवेगांव और रामपायली में 9 ट्रैक्टर जब्त, ड्राइवर मौके से भागा

अवैध रेत खनन रोकने पुलिस एम्बुलेंस से पहुंची:नवेगांव और रामपायली में 9 ट्रैक्टर जब्त, ड्राइवर मौके से भागा

बालाघाट में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई। नवेगांव और रामपायली थाना क्षेत्र में पुलिस ने नौ ट्रैक्टर जब्त किए। इस दौरान ग्रामीण थाना नवेगांव की पुलिस ने रेत चोरों को पकड़ने के लिए एम्बुलेंस का इस्तेमाल किया। हालांकि, पुलिस को देखकर तीन ट्रैक्टर चालक रेत खाली कर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। ग्रामीण थाना नवेगांव प्रभारी रमेश जाट ने बताया कि भमोड़ी रेतघाट से लगातार अवैध उत्खनन और परिवहन की सूचना मिल रही थी। आमतौर पर पुलिस वाहनों से आने पर रेत माफिया को खबर हो जाती थी, इसलिए इस बार रणनीति बदलते हुए एम्बुलेंस से रेतघाट तक पहुंचा गया। इस तरीके से पुलिस को सफलता मिली। उन्होंने बताया कि कुछ ट्रैक्टर जब्त किए गए, जबकि कुछ चालक गांव में ही रेत खाली कर ट्रैक्टर लेकर जंगल की ओर फरार हो गए। फरार हुए चालकों की पहचान कर ली गई है और सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। वहीं, रामपायली पुलिस ने चंदन नदी के मोहगांव और सोनझरा क्षेत्र से अवैध रेत उत्खनन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की हैं। पुलिस ने बिना नंबर के सभी वाहन चालकों के खिलाफ मध्यप्रदेश गौण खनिज अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। बालाघाट में इन दिनों रेत के अवैध उत्खनन के खिलाफ रोजाना कार्रवाई हो रही है। मंगलवार की कार्रवाई के दौरान गांव में ग्रामीण भी जुट गए थे, जिन्हें पुलिस ने समझाकर घर भेज दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *