महोबा में दबंगों ने किसान को गोली मारी:खेत में थ्रेसिंग कर रहे युवक पर किया हमला, गंभीर हालत में झांसी रेफर

महोबा में दबंगों ने किसान को गोली मारी:खेत में थ्रेसिंग कर रहे युवक पर किया हमला, गंभीर हालत में झांसी रेफर

महोबा जनपद में थ्रेसिंग कर रहे एक किसान को दबंगों ने गोली मार दी। करीब 15 हमलावरों ने बाइकों पर सवार होकर खेत को घेरा और फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में 24 वर्षीय किसान अरुण यादव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे झांसी रेफर किया गया है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। घटना महोबा जिले के कबरई थाना क्षेत्र के रेवारा गांव में हुई। गांव का रहने वाला अरुण यादव अपने खेत पर गेहूं की थ्रेसिंग का काम कर रहा था। तभी गांव के दबंग सुभाष ठाकुर और सुमित यादव अपने लगभग 15 साथियों के साथ बाइकों पर सवार होकर खेत पर पहुंचे।
पीड़ित के अनुसार, बिना किसी पुराने विवाद या कहा-सुनी के, हमलावरों ने दहशत फैलाने के इरादे से फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान सुभाष ने अवैध तमंचे से अरुण पर सीधा निशाना साधकर गोली चला दी। गोली अरुण के बाएं हाथ के बाजू में लगी। गोली लगते ही अरुण लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास काम कर रहे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही कबरई पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। घायल किसान को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल हायर सेंटर झांसी रेफर कर दिया।
घायल के चाचा रमाकांत ने बताया कि उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सुमित और उसके साथियों ने केवल दहशत फैलाने के लिए उनके भतीजे को निशाना बनाया है। महोबा जिला अस्पताल के ईएमओ डॉक्टर दीपक ने जानकारी दी कि मरीज की स्थिति काफी गंभीर है। गोली युवक के बाएं हाथ के बाजू में लगी है। लगी है। इमरजेंसी वार्ड में प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। फिलहाल, कबरई पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है। गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *