फरीदकोट की थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस ने एक बिजली मैकेनिक के साथ मारपीट कर उससे 40 हजार रुपए छीनने के मामले में एक युवती सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जीवन सिंह नगर निवासी रोहित सिंह उर्फ अनमोल सिंह मोल्ली और बस स्टैंड के पास रहने वाली मनप्रीत कौर उर्फ प्रीत के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना सिटी में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, कोटकपूरा के जीवन सिंह नगर निवासी सुरिंदर कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह बिजली मैकेनिक है और लोगों के घरों में मरम्मत का काम करता है। शिकायतकर्ता ने बताया कि एक दिन पहले वह जीवन सिंह नगर में एक घर पर मोटर ठीक करके वापस आ रहा था। बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप इस दौरान रास्ते में उक्त दोनों आरोपी मिले, जिन्होंने कहा कि उन्होंने एक मकान किराए पर लिया है और वहां बिजली का काम करवाना है। जब वह उनके साथ मकान में गया तो सुनसान घर में दोनों ने उसे बंधक बनाकर मारपीट की और उससे 40 हजार रुपए छीनकर फरार हो गए। कोर्ट से रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी पुलिस-डीएसपी इस मामले में डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर तुरंत मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अब आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और पूछताछ करते हुए उनके पास से छीनी गई रकम की बरामदगी की जाएगी। साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।


