हरदा में एक करोड़ 31 लाख रुपए की लागत से निर्मित एसडीएम कार्यालय भवन एक साल के भीतर ही जर्जर हो गया है। भवन की दीवारों में दरारें आ गई हैं और कई जगह से जोड़ खुल गए हैं, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इस संबंध में मंगलवार को एसडीएम ने पीआईयू (परियोजना क्रियान्वयन इकाई) के अधिकारियों को मरम्मत के लिए पत्र लिखा है। इस भवन का भूमिपूजन 19 अप्रैल 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया था। इसका निर्माण पीआईयू द्वारा किया गया था और गत वर्ष मार्च महीने में इसे प्रशासन को सौंपा गया था। भवन के हैंडओवर होने के मात्र एक साल के भीतर ही इसकी दीवारों में दरारें और जोड़ों का खुलना सामने आया है। एसडीएम के पत्र के बाद पीआईयू ने उन स्थानों पर मरम्मत का काम शुरू कर दिया है जहां दीवारों ने जोड़ छोड़े हैं। करोड़ों की लागत से बने इस सरकारी भवन की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि इतनी कम अवधि में ही बड़े पैमाने पर मरम्मत की आवश्यकता पड़ रही है। जिलेवासियों का कहना है कि आम लोग अपने घरों का निर्माण कराते समय दशकों तक मरम्मत की जरूरत न पड़ने की उम्मीद करते हैं, लेकिन सरकारी भवनों में तुरंत मरम्मत की आवश्यकता निर्माण की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लगाती है।


