शाजापुर में सकल जैन समाज की ओर से मंगलवार को भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर नगर में भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। पालकी यात्रा चौबीस जिनालय धाम ओसवाल सेरी से प्रारंभ हुई। यह सुगंधी गली, बजाज खाना, आजाद चौक, कपड़ा मार्केट, सोमवारिया बाजार, नागनागिनी रोड़, टाॅकीज चौराहा और नईसड़क से होते हुए पुनः चौबीस जिनालय धाम पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान ‘हाथी, घोड़ा, पालकी…जय त्रिशला मां के लाल की’ और ‘त्रिशला नंदन वीर की – जय बोलो महावीर की’ जैसे जयघोष गूंजते रहे। महोत्सव के तहत दोपहर 3 बजे जिला जेल परिसर स्थित श्रीमहावीर गौशाला में गौवंश की सेवा की गई। समाजजनों ने गौ माताओं को पशु आहार और खोपरा खिलाकर गौ सेवा का लाभ लिया। शाम 7 बजे श्रीसिद्धाचल वीरमणि महातीर्थ धाम लालघाटी पर प्रभु भक्ति और महाआरती का आयोजन किया गया। ये हुए शामिल इस समस्त कार्यक्रम में सकल जैन समाज अध्यक्ष सपन जैन, महामंत्री अजित जैन, श्वेतांबर जैन समाज अध्यक्ष लोकेंद्र नारेलिया, खतरगच्छ संघ अध्यक्ष ज्ञानचंद भंसाली, दिगंबर समाज अध्यक्ष शांतिलाल जैन, स्थानकवासी ओसवाल समाज अध्यक्ष लोकेश जैन (बंटी), पोरवाल समाज अध्यक्ष पीयूष जैन, श्री सिद्धाचल वीरमणि महातीर्थ धाम के प्रमुख ट्रस्टी सुनील नाहर, मनोज गोलेछा, प्रतीक जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।


