नेपानगर संजीवनी क्लिनिक 2 साल से शुरू नहीं:डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं, इलाज कराने 3 किमी दूर जा रहे लोग

नेपानगर संजीवनी क्लिनिक 2 साल से शुरू नहीं:डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं, इलाज कराने 3 किमी दूर जा रहे लोग

बुरहानपुर जिले के नेपानगर स्थित वार्ड नंबर 8 में लाखों रुपए की लागत से निर्मित संजीवनी क्लिनिक दो साल से अधिक समय से शुरू नहीं हो पाया है। डॉक्टरों और अन्य स्टाफ की नियुक्ति न होने तथा संसाधनों की कमी के कारण यह भवन बनकर तैयार होने के बावजूद निष्क्रिय पड़ा है। इससे आम जनता को उपचार के लिए 3 किलोमीटर दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने शहर के बीच स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में लगभग 22 लाख रुपए की लागत से इस क्लिनिक का निर्माण कराया था। नगर पालिका ने इसे काफी पहले ही स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया था। हालांकि, दो साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी इसका संचालन शुरू नहीं हो सका है। सीएमएचओ डॉ. आरके वर्मा ने बताया कि इस संबंध में शासन को अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक स्टाफ की नियुक्ति नहीं होती, क्लिनिक का संचालन संभव नहीं है। इस बीच, भवन धीरे-धीरे खराब होने लगा है और रात में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने से खिड़की-दरवाजों को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। गौरतलब है कि जहां संजीवनी क्लिनिक का भवन बना है, वहीं पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित होता था। करीब तीन साल पहले स्वास्थ्य विभाग ने इसे शहर से 3 किलोमीटर दूर तहसील कार्यालय के सामने बने नए भवन में स्थानांतरित कर दिया था। नया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भी केवल एक रेफरल सेंटर बनकर रह गया है, जहां संसाधनों और सुविधाओं की कमी है, जिससे संजीवनी क्लिनिक का शुरू न होना स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। एनआरसी भवन भी खाली पड़ा संजीवनी क्लिनिक के सामने ही एनआरसी का भवन भी खाली पड़ा है। आमजन की मांग है कि इन भवनों का उपयोग सरकारी दफ्तरों के लिए होना चाहिए, क्योंकि नगर में परिवहन विभाग, लोक निर्माण, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना सहित अन्य कईं महत्वपूर्ण विभागों के दफ्तर नहीं है। इन भवनों एक ही स्थान पर यह दफ्तर खुलने से कामों की मॉनिटरिंग होगी और लोगों की शिकायतों, समस्याओं का निराकरण भी हो सकता है, लेकिन काफी समय से यह मांग भी अधूरी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *