अशोक खरात मामले में राष्ट्रपति करें हस्तक्षेप, नार्को टेस्ट का दें आदेश- पूर्व मंत्री की बड़ी मांग

अशोक खरात मामले में राष्ट्रपति करें हस्तक्षेप, नार्को टेस्ट का दें आदेश- पूर्व मंत्री की बड़ी मांग

महाराष्ट्र के नासिक जिले के चर्चित अशोक खरात मामले में एक नया मोड़ आ गया है। इस मामले को लेकर पूर्व मंत्री सुबोध सावजी ने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर बड़ी मांग की है। उन्होंने इस केस से जुड़े केंद्र और राज्य स्तर के मंत्रियों तथा वरिष्ठ अधिकारियों का नार्को टेस्ट कराने का आदेश देने की अपील की है, जिससे पूरी सच्चाई सामने आ सके।

इस वजह से की नार्को टेस्ट की मांग

सुबोध सावजी ने अपने पत्र में कहा है कि अशोक खरात प्रकरण ने महाराष्ट्र की छवि को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। ऐसे में मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। उनका कहना है कि यदि संबंधित लोगों का नार्को टेस्ट कराया जाता है तो जांच को गति मिलेगी और कई छिपे हुए तथ्य सामने आ सकते हैं।

राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की अपील

पूर्व मंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से इस पूरे मामले में सीधे हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य स्तर के जिन मंत्रियों और उच्च अधिकारियों के नाम सामने आ रहे हैं, उनकी गहन जांच होनी चाहिए। यदि कोई दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। पूरे मामले का पर्दाफाश होना चाहिए और हर पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए।

राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज

सुबोध सावजी के इस पत्र के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। अब यह मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसमें उच्च पदों पर बैठे लोगों की संभावित भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

SIT ने तेज की जांच, हुए बड़े खुलासे

इस बीच, मामले की जांच कर रही एसआईटी लगातार खुलासे कर रही है। एसआईटी ने रविवार को अदालत को बताया कि अशोक खरात के मोबाइल फोन में 2500 से अधिक ऐसे नंबर मिले है, जो कोडवर्ड या विशेष नामों से सेव किए गए हैं। खरात कथित तौर पर महिलाओं को नशीला पदार्थ मिला हुआ पेय पदार्थ पिलाता था। जिससे वे अचेत या असहाय हो जाती थीं। फिर वह उनके साथ हैवानियत करता था।

स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) नासिक के ढोंगी बाबा अशोक खरात के मोबाइल डेटा, आर्थिक लेनदेन और संपर्कों की कड़ी खंगाल रही है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

पुलिस के मुताबिक, खरात के खिलाफ अब तक 10 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें 8 मामले महिलाओं के यौन शोषण से जुड़े हैं, जबकि 2 मामले ठगी और जबरन वसूली के हैं। SIT द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर पर 150 से अधिक कॉल्स भी प्राप्त हुई हैं। नासिक जिला न्यायालय (Nashik Court) ने अशोक खरात को 1 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेजा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *