सलूंबर जिला प्रशासन ने ईरान-अमेरिका संकट की आशंकाओं के बीच बताया कि जिले में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है। प्रशासन ने किसी भी प्रकार की कमी से इनकार किया है। जिला रसद अधिकारी के अनुसार, जिले में संचालित सभी 8 गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं, जिनकी नियमित डिलीवरी उपभोक्ताओं को दी जा रही है। इसी प्रकार, जिले के 40 पेट्रोल पंपों पर भी पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडारण मौजूद है। तेल कंपनियों द्वारा ईंधन और गैस सिलेंडरों की आपूर्ति लगातार जारी है। जिला स्तरीय सतर्कता दल का गठन जिला कलेक्टर अवधेश मीना ने बताया कि जिले में पेट्रोल, डीजल और गैस आपूर्ति की निगरानी के लिए एक जिला स्तरीय सतर्कता दल का गठन किया गया है। इसके अतिरिक्त, कालाबाजारी और दुरुपयोग को रोकने के उद्देश्य से गैस एजेंसियों, पेट्रोल पंपों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर विशेष प्रवर्तन जांच दल द्वारा नियमित निरीक्षण किया जाएगा। प्रशासन ने वितरण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखने के निर्देश दिए हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ईंधन संकट को लेकर झूठी खबरें या अफवाहें फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने वैकल्पिक साधनों का इस्तेमाल करने की अपील की प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे ईंधन की बचत के लिए वैकल्पिक साधनों जैसे सोलर चूल्हा, इलेक्ट्रिक कुकिंग स्टोव और बायोगैस का अधिक से अधिक उपयोग करें। साथ ही, सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही ईंधन की कमी की अफवाहों पर ध्यान न दें।


