लातेहार में नवविवाहिता की संदिग्ध अवस्था में मौत:शादी के 32वें दिन घर पर पड़ी मिली लाश, परिजनों ने दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप

लातेहार में नवविवाहिता की संदिग्ध अवस्था में मौत:शादी के 32वें दिन घर पर पड़ी मिली लाश, परिजनों ने दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप

लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के ओकिया गांव में 23 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान लोहरदगा जिले के कुड़ू निवासी गुड़िया देवी के रूप में हुई है। परिजनों ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। गुड़िया देवी का विवाह 26 फरवरी को बालूमाथ थाना क्षेत्र के ओकिया गांव निवासी राहुल साव के साथ हुआ था। शादी के महज एक माह बाद, 29 मार्च की रात उसकी मौत हो गई। ससुराल पक्ष बेटी को परेशान कर रहा था: पिता मृतका के पिता सुरेश साहू ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही गुड़िया को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी पूरे रीति-रिवाज और दान-दहेज के साथ की थी, बावजूद इसके ससुराल पक्ष द्वारा उसे परेशान किया जा रहा था। परिजनों के अनुसार, घटना की रात गुड़िया ने फोन कर बताया था कि उसका पति किसी अन्य महिला से बात करता है और उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करता है। परिजन इस मामले को लेकर सोमवार को ससुराल पक्ष से बातचीत करने वाले थे। गुड़िया ने फांसी लगाकर आत्महत्या की: ससुराल पक्ष हालांकि, बातचीत से पहले ही गुड़िया की मौत की सूचना मिल गई। जब परिजन ससुराल पहुंचे तो गुड़िया का शव घर में पड़ा मिला। वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि गुड़िया ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *