PBKS vs GT: पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस में से किसका पलड़ा भारी? जानें हेड टू हेड आंकड़े

PBKS vs GT: पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस में से किसका पलड़ा भारी? जानें हेड टू हेड आंकड़े

PBKS vs GT, IPL 2026: आईपीएल 2026 के चौथे मुकाबले में मंगलवार को पंजाब किंग्स (Punjab Kings) की भिड़ंत गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) से होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पंजाब और गुजरात के बीच इस लीग में कांटे की टक्कर देखने को मिली है।

हमेशा रही है कांटे की टक्कर

आईपीएल में पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच अब तक कुल 6 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से पंजाब किंग्स ने 3 मैच जीते हैं, जबकि तीन मुकाबलों में ही गुजरात को जीत नसीब हुई है। आईपीएल 2025 में इन दोनों टीमों की भिड़ंत एक बार हुई थी, जहां पंजाब ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गुजरात को 11 रनों से हराया था। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब ने पिछले सीजन फाइनल तक का सफर तय किया था। हालांकि, खिताबी मुकाबले में उसे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी।

पंजाब की टीम इस सीजन भी काफी मजबूत दिखाई दे रही है। टॉप ऑर्डर में प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह की सलामी जोड़ी से एक बार फिर पंजाब को दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। नंबर तीन की पोजीशन पर कप्तान अय्यर संभालते हुए नजर आएंगे। अय्यर ने पिछले सीजन बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 17 मुकाबलों में 175 के स्ट्राइक रेट से 604 रन बनाए थे। पंजाब के कप्तान ने पूरे सीजन में 6 अर्धशतक लगाए थे।

दोनों टीमों में बेहतरीन ऑलराउंडर्स

नेहल वढेरा और शशांक सिंह से भी पंजाब किंग्स को दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। नेहल आईपीएल 2025 में अच्छी लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने 16 मुकाबलों में 145 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 369 रन बनाए थे। मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन और उमरजई बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान देंगे। वहीं, मिचेल ओवेन और कूपर कोनोली आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन से छाप छोड़ना चाहेंगे।

दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस को इस सीजन भी साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल से बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद होगी। सुदर्शन पिछले सीजन सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे और उन्होंने 15 मुकाबलों में 759 रन बनाए, जबकि गिल ने 650 रन बनाए थे। हालांकि, जोस बटलर की हालिया फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय जरूर होगी।

ग्लेन फिलिप्स के प्रदर्शन पर भी हर किसी की निगाहें रहेंगी। वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर और राहुल तेवतिया बल्ले और गेंद से टीम की नैया पार लगाने का प्रयास करेंगे। कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशांत शर्मा और लुक वुड की मौजूदगी में टीम का पेस अटैक दमदार दिख रहा है। वहीं, स्पिन विभाग की कमान राशिद खान के हाथों में होगी, जिनका साथ साई किशोर और सुंदर देंगे। कुल मिलाकर फैंस को एक बेहतरीन क्रिकेट मैच देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *