खरगोन जिले के गोगांवा में अवैध हथियारों के खिलाफ सोमवार को कार्रवाई की गई है। पुलिस ने हरियाणा और उत्तर प्रदेश के चार हथियार तस्करों और एक सिकलीगर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में कुल 15 अवैध हथियार जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 देसी पिस्टल और 5 देसी कट्टे बरामद किए हैं। जब्त किए गए हथियारों की कुल कीमत 2.75 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई
भीकनगांव एसडीओपी राकेश आर्य ने बताया कि यह कार्रवाई दो अलग-अलग स्थानों पर की गई। गोगांवा थाना प्रभारी दीपक यादव के अनुसार, पहली कार्रवाई बहरामपुर फाटे पर हुई। यहां आगरा निवासी शैलेंद्र राधेश्याम यादव और यादवेन्द्र सत्यवीर यादव को सिगनुर के सिकलीगर संदीप जगदीश चावला से हथियारों की डिलीवरी लेते हुए पकड़ा गया। इस दौरान 5 देसी पिस्टल और 5 देसी कट्टे बरामद किए गए, जिनकी कीमत 2 लाख रुपए बताई गई है। एक बाइक भी जब्त की गई। दूसरी कार्रवाई घुघरियाखेड़ी स्थित गोगांवा फाटा पर की गई। पुलिस ने सिरसा, हरियाणा के हर्षदीप और हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया। उनके पास से एक बैग में 5 देसी पिस्टल मिलीं, जिनकी कीमत 1.25 लाख रुपए है। एसडीओपी राकेश आर्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से हथियारों की खरीद-बिक्री के नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। आरोपी सिकलीगर संदीप जगदीश चावला पर भीकनगांव और गोगांवा थानों में आर्म्स एक्ट के तहत पहले से ही चार मामले दर्ज हैं।


