कटनी जिले के मझगवां गांव में सोमवार को एक मुर्गा पार्टी की लापरवाही तीन किसानों पर भारी पड़ गई। बड़वारा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में करीब डेढ़ एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई, जिससे किसानों को लाखों का नुकसान हुआ है। पीड़ित किसान रामजी कुशवाहा, छंगा कुशवाहा और मनोज कुशवाहा ने पड़ोसी ओमप्रकाश तोमर और उसके साथियों पर आरोप लगाए हैं। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, रविवार रात ओमप्रकाश अपने दोस्तों के साथ खेत पर मुर्गा पार्टी कर रहा था। पार्टी के लिए जलाए गए चूल्हे की चिंगारी तेज हवा के साथ सूखे गेहूं के खेत में जा गिरी, जिससे सोमवार सुबह आग ने विकराल रूप ले लिया। पहले भी दी थी चेतावनी किसानों का कहना है कि आरोपी अक्सर खेत पर ऐसी पार्टियां करते हैं और उन्हें पहले भी कई बार समझाया गया था, लेकिन उन्होंने लापरवाही जारी रखी। कटाई के इस सीजन में फसल बर्बाद होने से तीनों परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पुलिस ने दर्ज की FIR बड़वारा थाना पुलिस ने किसानों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के.के. पटेल का कहना है कि पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।


