जालौन में 17 आंगनवाड़ी केंद्र लोकार्पित:34 सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र, ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस दिए जाएंगे

जालौन में 17 आंगनवाड़ी केंद्र लोकार्पित:34 सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र, ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस दिए जाएंगे

जालौन जनपद में आंगनवाड़ी व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसके उपरांत जिले में कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान एवं मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। प्रसारण के बाद जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी द्वारा जनपद के 17 नवनिर्मित आंगनवाड़ी केंद्र भवनों का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही उरई नगर एवं माधौगढ़ में दो बाल विकास परियोजना कार्यालयों का शिलान्यास कर शिलापट्ट का अनावरण किया गया। इस अवसर पर 34 नवचयनित आंगनवाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जालौन परियोजना में 15 और कुठौंद परियोजना में 19 सहायिकाओं की नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। शेष परियोजनाओं में भी जल्द ही प्रक्रिया पूरी कर नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जनपद को 39 स्मार्टफोन एवं लगभग सभी आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस आवंटित किए गए हैं, जिन्हें शीघ्र ही कार्यकत्रियों को उपलब्ध कराया जाएगा। सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि जब आंगनवाड़ी सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावी होंगी। वहीं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी आंगनवाड़ी केंद्रों को ग्रामीण विकास और पोषण सुधार का मजबूत आधार बताया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *