राजनांदगांव में महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव:अहिंसा और सद्भावना का संदेश देती हुई पदयात्रा निकली, शहर में गूंजे महावीर के जयकारे

राजनांदगांव में महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव:अहिंसा और सद्भावना का संदेश देती हुई पदयात्रा निकली, शहर में गूंजे महावीर के जयकारे

राजनांदगांव में सकल जैन श्रीसंघ द्वारा आयोजित पांच दिवसीय महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव के तीसरे दिन, 29 मार्च को, शहर भगवान महावीर के जयकारों और ‘जियो और जीने दो’ के संदेश से गूंज उठा। इस दिन की शुरुआत गंज लाइन स्थित दिगंबर जैन मंदिर से ‘सद्भावना पदयात्रा’ के साथ हुई। इसमें सकल जैन समाज के पुरुष और महिलाएं बड़ी संख्या में नंगे पैर शामिल हुए। यह यात्रा सदर बाजार होते हुए जैन बगीचा पहुंची, जिसके माध्यम से भगवान महावीर के सिद्धांतों और अहिंसा का प्रचार किया गया। भक्ति के साथ सेवा और मनोरंजन पदयात्रा के बाद दिन भर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह 8:30 बजे समता भवन में सामूहिक सामयिक का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों सदस्यों ने भाग लिया। इसके बाद, सुबह 10:00 बजे महावीर कल्प वृक्ष जिनालय में भगवान महावीर पंचकल्याणक पूजा संपन्न हुई। दोपहर में गुरुद्वारा चौक और जैन स्थानक भवन (सदर बाजार) में शरबत एवं वीर प्रसादम का वितरण किया गया। शाम को महावीर वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के बीच फल वितरित कर मानवता का संदेश दिया गया। दोपहर 1:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक जैन बगीचे के नए हॉल में ‘किड्स कार्निवल’ का आयोजन किया गया। ‘एयरपोर्ट थीम’ पर आधारित इस कार्यक्रम में 400 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न खेलों में उपहार जीते। इससे पहले 28 मार्च को तात्कालिक भाषण और म्यूजिकल हाऊजी का भी आयोजन किया गया था। मीडिया प्रभारी विमल हाजरा ने बताया कि महोत्सव के चौथे दिन, सोमवार को कई प्रमुख आयोजन होंगे। इनमें वर्धमान स्थानक भवन, सदर बाजार से ‘जीव दया यात्रा’, जैन बगीचे के नए हॉल में सामूहिक नवकार जाप, नेम भवन में तपाचार साधना, धार्मिक अंताक्षरी और शाम 7:00 बजे से जैन बगीचे के विशाल प्रांगण में सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष विनय डड्ढा, सचिव अजय सिंगी, संयोजक मिश्रीलाल गोलछा सहित आयोजन समिति के सभी पदाधिकारी और ट्रस्टी निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *