Kanpur News:नींद की गोलियां, शराब और मौत—नहर में मिला किसान का शव, उठे कई सवाल

Kanpur News:नींद की गोलियां, शराब और मौत—नहर में मिला किसान का शव, उठे कई सवाल

कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र के पंचमापुर नई बस्ती के सामने एक किसान का शव नहर में उतराता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कुरसौली गांव निवासी 52 वर्षीय रामबाबू सिंह के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुबह नहर में उतराता मिला शव

पंचमापुरवा और कुरसौली गांव के बीच स्थित नहर में एक शव उतराता मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने पानी में शव को देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बिठूर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। पहचान होने पर मृतक रामबाबू सिंह के परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। शव घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी।

रात से लापता थे रामबाबू

परिजनों के अनुसार रामबाबू सिंह रात से ही घर से लापता थे। परिवार का कहना है कि उन्होंने रात में नींद की कई गोलियां खाई थीं और इसके बाद शराब का सेवन भी किया था। इसके बाद वह घर से बाहर निकल गए और वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रात में उनकी तलाश भी की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह नहर में शव मिलने की सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। इस घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

पारिवारिक विवाद भी आया सामने

ग्राम प्रधान अमित सिंह ने पुलिस को बताया कि रामबाबू सिंह खेती-किसानी करते थे और लंबे समय से पारिवारिक विवाद से जूझ रहे थे। उनकी पत्नी सीमा सिंह के साथ न्यायालय में मुकदमा चल रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहते थे। परिवार के अनुसार वह छह भाइयों में पांचवें नंबर पर थे। परिजनों ने यह भी बताया कि उन्हें काफी समय से नींद न आने की समस्या थी, जिसके चलते वह नियमित रूप से दवाइयों का सेवन करते थे। मानसिक तनाव और बीमारी के कारण उनकी हालत पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी।

मौके से मिली नींद की गोलियां

बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि मृतक की तलाशी के दौरान उनकी जेब से नींद की गोलियों का एक पूरा पत्ता और एक आधा पत्ता बरामद हुआ है। इससे यह संभावना जताई जा रही है कि उन्होंने अधिक मात्रा में दवा का सेवन किया होगा। पुलिस ने बरामद दवाइयों को जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दवा की अधिक मात्रा के कारण ही मौत हुई या कोई अन्य वजह भी है। पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *