पेशी पर आए आरोपी से मारपीट, वकील पर मुकदमा दर्ज:पुलिस कांस्टेबल से धक्का-मुक्की, मोबाइल छीनने के आरोप

पेशी पर आए आरोपी से मारपीट, वकील पर मुकदमा दर्ज:पुलिस कांस्टेबल से धक्का-मुक्की, मोबाइल छीनने के आरोप

कोटा के नयापुरा क्षेत्र स्थित अदालत परिसर में पेशी के दौरान एक वकील पर आरोपी के साथ मारपीट, अभद्रता और पुलिस कार्य में बाधा डालने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। घटना 27 मार्च की बताई जा रही है, जब गुमानपुरा थाने के कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार अपने साथी अब्दुल हनीफ के साथ आरोपी द्वारकालाल को पेशी के लिए एसीएम हैडक्वार्टर लेकर पहुंचे थे। रिपोर्ट के अनुसार, रीडर के अनुपस्थित होने पर पुलिसकर्मी आरोपी के साथ परिसर में ही बैठे थे। इसी दौरान एडवोकेट अतीश सक्सेना वहां पहुंचे और आरोपी की पहचान पूछने लगे। आरोप है कि बातचीत के दौरान वकील ने आरोपी के साथ अचानक मारपीट शुरू कर दी। जब पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया, तो उनके साथ भी गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई। कांस्टेबल का आरोप है कि वकील ने आरोपी को पुलिस अभिरक्षा से जबरन छुड़ाने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, घटना का वीडियो बना रहे पुलिसकर्मी का मोबाइल छीनने की भी कोशिश की गई। स्थिति बिगड़ने पर कलेक्ट्रेट चौकी प्रभारी नवल किशोर और कांस्टेबल संजय मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद गुमानपुरा थाने के कांस्टेबल ने नयापुरा थाने में एडवोकेट के खिलाफ राजकार्य में बाधा, अभद्रता और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कराया है। सीआई विनोद कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एडवोकेट अतीश सक्सेना ने आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि वह एक महिला वकील के साथ कथित बदतमीजी के मामले में पुलिसकर्मी से बात करने गए थे। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने महिला वकील की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते विवाद की स्थिति बनी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *