विधायक आशु मलिक बोले- काम का रिपोर्ट कार्ड जनता देगी:2027 में फिर चुनाव लड़ेंगे, पुल बनवाकर खत्म की 40 साल पुरानी समस्या

विधायक आशु मलिक बोले- काम का रिपोर्ट कार्ड जनता देगी:2027 में फिर चुनाव लड़ेंगे, पुल बनवाकर खत्म की 40 साल पुरानी समस्या

आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सहारनपुर में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच सपा विधायक आशु मलिक ने दैनिक भास्कर से बातचीत में अपने चार साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने जहां पुल निर्माण, बिजली व्यवस्था और जनहित के मुद्दों को अपनी उपलब्धि बताया, वहीं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और अधूरे विकास कार्यों को बड़ी चुनौती माना। साथ ही SIR सर्वे और सरकारी नीतियों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने विपक्ष में रहते हुए संघर्ष की बात कही। प्रस्तुत हैं बातचीत के मुख्य अंश… सवाल: चार साल में आपने अपने क्षेत्र में क्या काम कराए?
जवाब: पिछले चार सालों में शिक्षा, चिकित्सा और जनहित से जुड़े सभी मुद्दों को हमने विधानसभा में मजबूती से उठाया। नगर निगम में शामिल 32 गांवों में बिजली की बड़ी समस्या थी। इसके लिए हमने लगातार लड़ाई लड़ी, जिसके बाद करीब 8500 करोड़ का फीडर बना और अब वहां 24 घंटे बिजली मिल रही है। सवाल: सबसे बड़ी उपलब्धि क्या मानते हैं?
जवाब: दतोली-मुगल गांव के बीच पुल का निर्माण मेरी बड़ी उपलब्धि है। 30–40 साल से यह समस्या थी। बरसात में नागादेव नदी के कारण संपर्क टूट जाता था। अब लोगों को बड़ी राहत मिली है। सवाल: स्वास्थ्य क्षेत्र में क्या काम किए?
जवाब: ढमोला, काली और हिंडन नदी के आसपास जलजनित बीमारियों की समस्या गंभीर है। किडनी, कैंसर और लिवर से जुड़ी बीमारियों को लेकर हमने लगातार मुद्दा उठाया। इसके बाद मेडिकल कैंप लगाए गए और सरकार का ध्यान इस ओर गया। सवाल: कौन से काम अभी अधूरे हैं?
जवाब: सहारनपुर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी है। लोगों को इलाज के लिए बाहर जाना पड़ता है। मेडिकल कॉलेज में ऑन्कोलॉजी विभाग और कैंसर विशेषज्ञ डॉक्टरों की जरूरत है, जिसे हम लगातार उठा रहे हैं। सवाल: जल जीवन मिशन की स्थिति कैसी है?
जवाब: कई जगह पाइपलाइन डालने के नाम पर सड़कें खोद दी गई हैं, लेकिन काम अधूरा है। हमारी सरकार आने पर इन्हें पूरा कराया जाएगा। सवाल: विपक्ष में रहने से क्या दिक्कत आई?
जवाब: विपक्ष में रहकर संघर्ष ज्यादा करना पड़ता है। योजनाओं का फायदा अधिकतर सत्ताधारी विधायकों को मिलता है, लेकिन हमने लगातार मेहनत कर अपने क्षेत्र के लिए काम कराया। सवाल: SIR सर्वे पर आपकी क्या राय है?
जवाब: इसकी जरूरत नहीं थी। फॉर्म-7 के इस्तेमाल से वोट कटवाने की कोशिश नजर आती है। हमारी पार्टी इस पर पूरी नजर बनाए हुए है। सवाल: अपने काम को कितने नंबर देंगे?
जवाब: इसका फैसला जनता करेगी। वही तय करेगी कि मुझे कितने अंक मिलने चाहिए। सवाल: क्या 2027 में फिर चुनाव लड़ेंगे?
जवाब: जनता के आशीर्वाद से 2027 में पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे और क्षेत्र की सेवा करते रहेंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *