दादरी। समाजवादी पार्टी ने दादरी में ‘समाजवादी समानता भाईचारा’ रैली के जरिए शक्ति प्रदर्शन किया, जहां पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए पीएम मोदी की रैलियों में भीड़ जुटाने के तौर-तरीकों से लेकर विकास के दावों तक कई सवाल खड़े किए।
अखिलेश यादव ने कहा जितना विकास नोएडा में सपा सरकार ने किया, उतना किसी ने नहीं किया। हमारी सरकार थी तो हमने नोएडा में मुख्यमंत्री कार्यालय तक बना दिया। लेकिन, अब वह कार्यालय भाजपा की सरकार में कैसा है, यह आप जाकर देख सकते हैं। वहां तो अब झाड़ और घास उग आए हैं। देख लीजिए भाजपा सरकार ने कितना विकास किया।
विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और INDIA गठबंधन भाजपा की सोच से भी ज्यादा सीटें जीतने जा रही है। यह सिर्फ एक रैली नहीं लोगों की पुकार है…प्रदेश से भाजपा हटाओ।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि पीएम मोदी की रैली में भीड़ जुटाने के लिए सरकारी कर्मचारियों और संसाधनों का सहारा लेना पड़ा है। दादरी में आयोजित सपा की रैली में बड़ी संख्या में जुटे समर्थकों को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने मंच से कहा कि पूरे पंडाल में पार्टी के झंडे का लाल रंग छाया हुआ दिख रहा है, जो कार्यकर्ताओं के उत्साह का प्रतीक है। आयोजन को सफल बनाने के लिए उन्होंने सपा नेता राजकुमार भाटी की सराहना भी की।
हमने भीड़ जुटाई नहीं…लोग हमसे जुड़ते
अपने संबोधन में उन्होंने बिना नाम लिए भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा की इस रैली की चर्चा ने विरोधियों को असहज कर दिया। उनका आरोप था कि इसी दबाव में विपक्षी दलों ने सपा की रैली से पहले अपनी रैली आयोजित की लेकिन वहां भीड़ स्वाभाविक नहीं थी बल्कि लोगों को जुटाया गया था। उन्होंने कहा कि आज के दौर में कैमरों से कुछ भी छिपा नहीं रह सकता और सच्चाई सामने आ ही जाती है।
दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी लेती सरकारी संसाधनों का सहारा
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बताने वाले दल को रैली के लिए सरकारी संसाधनों और कर्मचारियों का सहारा लेना पड़ा। साथ ही, एक संस्थान के छात्रों को रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित किए जाने और बाद में छुट्टी देने की बात भी उन्होंने कही। रैली में अखिलेश ने राज्य सरकार के विकास दावों पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि पूर्व में उद्घाटन किए गए कई एयरपोर्ट बंद हो चुके हैं और नए एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ ही यह आशंका बनी रहती है कि कहीं उन्हें निजी हाथों में न सौंप दिया जाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कम से कम उद्घाटन के समय यह भरोसा दिया जाना चाहिए कि सार्वजनिक संपत्ति को बेचा नहीं जाएगा।
नोएडा को दिल्ली से जोड़ने के लिए दी मेट्रो
उन्होंने कहा कि जो लोग नोएडा आने से कतराते थे, वे अब वहां कार्यक्रम कर रहे हैं। सपा प्रमुख ने दावा किया कि उन्होंने अपने कार्यकाल में नोएडा और दिल्ली को जोड़ने के लिए मेट्रो जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं दीं और क्षेत्र के विकास के लिए कई निर्णय लिए। सपा मुखिया ने कहा कि वर्तमान सरकार के पास अपने काम गिनाने के लिए ठोस उपलब्धियां नहीं हैं, इसलिए वह इस तरह के मुद्दों के जरिए ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।


