उदयपुर. गर्मी का असर बढ़ते ही शहर के बायोलॉजिकल पार्क में वन्यजीवों की देखभाल के लिए विशेष इंतजाम शुरू कर दिए गए हैं। पार्क में मौजूद करीब 280 वन्यजीवों को भीषण गर्मी से बचाने के लिए वन विभाग ने उनके बाड़ों और आवासों में ठंडक और छाया की अलग-अलग व्यवस्थाएं की हैं। पिंजरों और खुले बाड़ों के ऊपर ग्रीन नेट लगाए गए हैं, कई स्थानों पर घास और पत्तियों से झोपड़ीनुमा ढांचे तैयार किए गए हैं, जबकि कुछ आवासों में कूलर भी लगाए गए हैं ताकि तापमान का असर कम किया जा सके।
वन विभाग के अनुसार गर्मी के मौसम में वन्यजीवों की सेहत को ध्यान में रखते हुए 1 अप्रेल से उनके आहार में भी बदलाव किया जाएगा। इसके तहत ठंडक देने वाले और पानी की मात्रा बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थ शामिल किए जाएंगे।—
भालू के लिए आइसक्रीम, हिरणों को तरबूजगर्मी के मौसम में वन्यजीवों को ठंडक और ऊर्जा देने के लिए वन्यजीवों के भोजन में खास बदलाव किए जा रहे हैं। भालू को आइसक्रीम दी जाएगी ताकि उसे गर्मी से राहत मिल सके। हिरण, नीलगाय और अन्य शाकाहारी वन्यजीवों को तरबूज, खरबूज और अन्य मीठे व रसीले फल खिलाए जाएंगे। कई जानवरों के लिए फल और पानी की मात्रा बढ़ाई जाएगी, जिससे शरीर में पानी की कमी न हो। वन अधिकारियों का कहना है कि यह डाइट वन्यजीवों की जरूरत और मौसम के अनुसार तैयार की जाती है, जिससे गर्मी के दौरान उनका स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।
—छाया, कूलर और ठंडा पानी
भीषण गर्मी को देखते हुए पार्क में कई तरह की व्यवस्थाएं की गई है। पिंजरों और बाड़ों के ऊपर ग्रीन नेट से छाया,कई स्थानों पर घास-फूस की झोपड़ियां, कुछ आवासों में कूलर की व्यवस्था,पानी के कुंड और टैंकों में ठंडा पानी उपलब्ध करवाया गया है। इसके अलावा पीने के पानी में इलेक्ट्रोल पाउडर मिलाया जाएगा ताकि जानवरों को आवश्यक मिनरल्स मिल सकें और डिहाइड्रेशन से बचाव हो सके।–
पशु चिकित्सकों की निगरानीवन विभाग की टीम और पशु चिकित्सक लगातार वन्यजीवों की गतिविधियों और स्वास्थ्य पर नजर रख रहे हैं। कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि गर्मी के दौरान पानी की उपलब्धता नियमित रूप से जांची जाए, आहार समय पर दिया जाए, जानवरों के व्यवहार में बदलाव पर तुरंत ध्यान दिया जाए।
–बायोलॉजिकल पार्क एक नजर में
कुल वन्यजीव- करीब 280गर्मी से बचाव के इंतजाम- ग्रीन नेट, झोपड़ियां, कूलर
आहार में बदलाव- 1 अप्रेल से लागूविशेष डाइट- भालू को आइसक्रीम, शाकाहारी वन्यजीवों को तरबूज व रसीले फल
पानी की व्यवस्था : इलेक्ट्रोल पाउडर मिलाकर पानी


