‘तुम सुंदर हो, पति नहीं समझता’: अशोक खरात का महिलाओं को फंसाने वाला ‘हथियार’, अब तक 100 से ज्यादा शिकार

‘तुम सुंदर हो, पति नहीं समझता’: अशोक खरात का महिलाओं को फंसाने वाला ‘हथियार’, अब तक 100 से ज्यादा शिकार

महाराष्ट्र के नासिक जिले के ढोंगी बाबा अशोक खरात मामले में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने महिलाओं को अपने जाल में फंसाने के लिए एक सुनियोजित मनोवैज्ञानिक तरीका अपनाया था, जिसमें पीड़ितों की भावनात्मक कमजोरी को हथियार बनाया गया।

एसआईटी की अब तक की जांच में खुलासा हुआ है कि अशोक खरात महिलाओं से बेहद मीठे और भरोसा दिलाने वाले अंदाज में बात करता था। वह अक्सर महिलाओं से कहता था, “तुम बहुत सुंदर हो, लेकिन तुम्हारा पति तुम्हें समझता नहीं, तुम्हारी काबिलियत की किसी को कदर नहीं है।” इस तरह की बातों के जरिए वह महिलाओं के करीब आता और धीरे-धीरे उन्हें अपने चंगुल में फंसाता था।

 ‘माइंड रीडिंग’ का देता था झांसा

पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि खरात खुद को ‘माइंड रीडिंग’ में माहिर बताता था। हालांकि असलियत में वह सामने वाले व्यक्ति की भावनाओं, डर और असुरक्षा को समझकर उसी के अनुसार बात करता था।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह महिलाओं की बॉडी लैंग्वेज और मानसिक स्थिति का बारीकी से अध्ययन करता था और उसी आधार पर अपनी बातों का जाल बुनता था। इस तरीके से वह पीड़ितों का भरोसा जीतकर उन्हें मानसिक रूप से अपने नियंत्रण में कर लेता था।

पुलिस पूछताछ में कबूला गुनाह

सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान अशोक खरात ने यह स्वीकार किया है कि वह महिलाओं के साथ भावनात्मक जुड़ाव बनाकर उनका विश्वास हासिल करता था। इसके बाद वह उन्हें विभिन्न उपाय और सलाह देकर अपने प्रभाव में रखता था। वह भावनात्मक और मनोवैज्ञानिक तरीके अपनाकर इसी तरह से अपना काला साम्राज्य वर्षों से चला रहा था।  

आज कोर्ट में होगी पेशी

अशोक खरात की पुलिस कस्टडी आज खत्म हो रही है और उसे नासिक जिला न्यायालय में आज पेश किया जाएगा। इस दौरान पुलिस नई दर्ज शिकायतों और सामने आए तथ्यों के आधार पर उसकी पुलिस हिरासत बढ़ाने की मांग करेगी।

जांच एजेंसियां अब तक सामने आए सभी सबूतों और खुलासों का विस्तृत ब्यौरा अदालत में पेश कर सकती हैं। ऐसे में आज कोर्ट क्या फैसला लेता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

अब तक 100 से ज्यादा शिकायतें मिली

स्वयंभू बाबा अशोक खरात के खिलाफ दो और मामले दर्ज किए गए हैं। जिसमें एक महिला से दुष्कर्म का मामला भी शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि उसके खिलाफ जांच कर रही विशेष जांच टीम को फोन पर 100 से अधिक शिकायतें मिली हैं। लेकिन उनमें से बहुत कम लोग लिखित शिकायत दर्ज कराने के लिए आगे आ रहे हैं।

नासिक शहर के सरकारवाड़ा पुलिस थाने में अशोक खरात के खिलाफ अब तक कुल दस एफआईआर दर्ज की गई हैं, जिनमें से 8 यौन उत्पीड़न और दो धोखाधड़ी से संबंधित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *