नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने टोल दरों में बढ़ोतरी कर दी है। खंडवा में 1 अप्रैल 2026 से लागू होने वाली नई दरों का असर खंडवा जिले के मोकलगांव टोल प्लाजा पर भी साफ तौर पर दिखाई देगा। अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए टोल शुल्क में 5 रुपए से लेकर 25 रुपए तक की वृद्धि की गई है। यह टोल प्लाजा इंदौर-एदलाबाद नेशनल हाईवे पर स्थित है, जो खंडवा को बुरहानपुर के रास्ते इंदौर से जोड़ता है। इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में निजी और वाणिज्यिक वाहन गुजरते हैं, ऐसे में नई दरों का सीधा असर वाहन चालकों की जेब पर पड़ेगा। वाहनों के हिसाब से नई दरें
नई दरों के मुताबिक, कार, जीप और वैन जैसे हल्के वाहनों के लिए एकल यात्रा शुल्क 100 रुपए से बढ़ाकर 105 रुपए कर दिया गया है, जबकि वापसी शुल्क 150 से बढ़कर 155 रुपए हो गया है। हल्के वाणिज्यिक वाहन और मिनी बसों के लिए एकल यात्रा शुल्क 165 रुपए और वापसी शुल्क 250 रुपए तय किया गया है। बस और ट्रक (दो धुरी) के लिए एकल यात्रा का शुल्क अब 350 रुपए होगा, जबकि तीन धुरी और भारी वाहनों के लिए भी टोल दरों में बढ़ोतरी की गई है। बड़े वाहनों (7 या अधिक धुरी) के लिए एकल यात्रा शुल्क 665 रुपए तक पहुंच गया है। दूरी के हिसाब से दर
हालांकि, टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले गैर-वाणिज्यिक स्थानीय वाहन चालकों को राहत दी गई है। उनके लिए मासिक पास की दर 340 रुपए ही रखी गई है, जिसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। टोल दरों में हुई इस बढ़ोतरी से आम यात्रियों के साथ-साथ परिवहन कारोबार से जुड़े लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।


